
हत्या या आत्महत्या? युवक की संदेहास्पद मौत की जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
सरायकेला – खरसावां । सरायकेला जिला के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सालडीह बस्ती में शुक्रवार को एक 22 वर्षीय युवक बजरंग लहरी का शव बिजली के खंभे से संदिग्ध स्थिति में लटका हुआ पाया गया। हैरान करने वाली बात यह रही कि युवक के पैर जमीन से सटे हुए थे और उसने चप्पल भी पहन रखी थी, जिससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। प्राथमिक दृष्टि में यह मामला आत्महत्या प्रतीत हो रहा था, लेकिन शव की स्थिति और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
सूत्रों के अनुसार, ऑन द स्पॉट जो स्थिति देखी गई, उससे यह कयास भी लगाए जा रहे हैं कि युवक की कहीं और हत्या कर, उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई हो सकती है। फिलहाल पुलिस दोनों पहलुओं—हत्या और आत्महत्या—को ध्यान में रखते हुए गंभीरता से छानबीन में जुट गई है।
शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को सरायकेला सदर अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर ही मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।
इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि सच्चाई जल्द सामने लाई जा सके।
Related posts:

