















लहरी टोला में पुलिस की दबिश, 157 पैकेट सिगरेट समेत नकदी और अन्य सामान बरामद; आरोपी गिरफ्तार











रिर्पोटर – जगबंधु महतो
एसपी के निर्देश पर सरायकेला पुलिस की त्वरित कार्रवाई, थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में 24 घंटे के भीतर दबोचा आरोपी
सरायकेला : नशीले पदार्थों एवं अवैध सामग्री के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान के तहत सरायकेला थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर लहरी टोला क्षेत्र में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अलग-अलग ब्रांड की सिगरेट, नकदी सहित अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि लहरी टोला निवासी साजिद खान उर्फ मुन्ना खान (करीब 40 वर्ष) के यहां संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसके आवास पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने विभिन्न ब्रांडों की कुल 157 पैकेट सिगरेट, खाद्य तेल, नकदी एवं अन्य सामग्री बरामद की। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 18,600 रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने 736 रुपये के सिक्के तथा चांदी जैसे दिखाई देने वाले आठ सिक्के भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने मौके से आरोपी साजिद खान को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ सरायकेला थाना कांड संख्या 75/26 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध वर्ष 2018 में सरायकेला थाना में एक मामला दर्ज किया जा चुका है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह की भूमिका अहम रही। सूचना मिलते ही उन्होंने पुलिस टीम को सक्रिय किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 24 घंटे के भीतर छापेमारी अभियान को अंजाम दिया। बेहतर सूचना तंत्र और पुलिस टीम की तत्परता के कारण कार्रवाई को सफलता मिली।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह, सौम कुमार आहूजा, अरुण कुमार महतो, कली कुमार, राकेश कुमार, टाइगर मोबाइल के राजेश उरांव एवं अमित कुमार दास शामिल थे। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।






