















13 माह से कमीशन नहीं, आर्थिक संकट में पीडीएस दुकानदार; 9 सूत्री मांगों को लेकर डीसी कार्यालय पर धरना











रिर्पोटर – जगबंधु महतो
ई-पॉस की तकनीकी दिक्कतों से लेकर लंबित भुगतान तक, पीडीएस डीलरों ने सरकार के खिलाफ खोला मांगों का मोर्चा
सरायकेला-खरसावां। राज्य में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को आम लोगों तक पहुंचाने वाले पीडीएस दुकानदार अब अपनी ही लंबित समस्याओं के समाधान के लिए आंदोलनरत हैं। झारखंड प्रदेश फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के आह्वान पर मंगलवार को सरायकेला-खरसावां जिला मुख्यालय में पीडीएस दुकानदारों ने एकदिवसीय धरना देकर सरकार और प्रशासन का ध्यान अपनी विभिन्न समस्याओं की ओर आकृष्ट कराया।
प्रदेश उपाध्यक्ष सह कोल्हान प्रमंडल संयोजक एवं जिला अध्यक्ष फूलकांत झा के नेतृत्व में आयोजित धरना के बाद प्रतिनिधिमंडल ने सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम 9 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। दुकानदारों ने सबसे प्रमुख मुद्दे के रूप में विगत 13 माह से लंबित एनएफएसए कमीशन के भुगतान की मांग उठाई।
संगठन का कहना है कि कमीशन का भुगतान लंबे समय से लंबित रहने के कारण पीडीएस दुकानदार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। इसके अलावा कोरोना काल से सरायकेला जिला आपूर्ति कार्यालय में लंबित सैकड़ों दुकानदारों के कमीशन भुगतान का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठाया गया।
धरना कार्यक्रम के दौरान डिजिटल व्यवस्था लागू होने के बाद भी स्टॉक एवं सेल रजिस्टर की अनिवार्यता समाप्त करने, ई-पॉस मशीन में लगातार आ रही तकनीकी खराबियों को दूर कर राशन वितरण व्यवस्था सुचारू करने की मांग की गई। साथ ही जाति प्रमाण पत्र सत्यापन की बाध्यता समाप्त करने सहित एनआईसी ई-पॉस मशीन से मिलने वाली चना दाल, नमक और कपड़ा को एक ही रसीद में सूचीबद्ध करने की व्यवस्था की मांग रखी गई।
ज्ञापन में खरसावां के दिवंगत पीडीएस दुकानदार कर्म सिंह बोदरा के परिजनों को आर्थिक सहायता देने तथा मृत दुकानदारों के स्थान पर अनुकंपा के अतिरिक्त रिक्त पदों पर नए लोगों की बहाली की भी मांग शामिल रही।
जिला अध्यक्ष फूलकांत झा ने कहा कि पीडीएस दुकानदार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन लगातार लंबित कमीशन और तकनीकी समस्याओं के कारण दुकानदार आर्थिक व मानसिक दबाव में हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान करने की मांग की।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देव प्रकाश देवता सहित मनबोध शर्मा, अशोक गुप्ता, दिनेश राठौर, सागरचंद्र दास, ईश्वरचंद्र महतो, बिनोद राम, मदन माझी, कल्याण सिंह सरदार, आजाद रजक, सीता पूर्ति, तुलसी समेत बड़ी संख्या में पीडीएस दुकानदार एवं विभिन्न एसएचजी समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं।






