
नगर पंचायत अध्यक्ष चुनाव में सियासी हलचल तेज, मनोज कुमार चौधरी ने झामुमो समर्थन के साथ भरा नामांकन

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
सरायकेला । नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर मंगलवार को सरायकेला नगर क्षेत्र की राजनीति में बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिला। मनोज कुमार चौधरी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के औपचारिक समर्थन के साथ अपना नामांकन दाखिल कर चुनावी मुकाबले को पूरी तरह रोचक बना दिया है। नामांकन से पूर्व उन्होंने अपनी माता का आशीर्वाद लिया और इसके बाद समर्थकों के साथ नगर भ्रमण करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे, जहां पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल देखने को मिला।
नामांकन यात्रा के दौरान झामुमो जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो की मौजूदगी ने इस नामांकन को खास राजनीतिक संदेश दे दिया। गौरतलब है कि महज दो दिन पूर्व ही झामुमो ने मनोज कुमार चौधरी को नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अपना प्रत्याशी घोषित करते हुए समर्थन की औपचारिक घोषणा की थी। इसके बाद से ही राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया था।
मनोज कुमार चौधरी पूर्व में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे हैं, लेकिन पार्टी के भीतर लगातार उपेक्षा से आहत होकर उन्होंने भाजपा से नाता तोड़ते हुए झामुमो का दामन थामा। राजनीतिक गलियारों में इसे चुनाव से पहले बड़ा दल-बदल और रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में मनोज चौधरी ने अपनी जीत को लेकर आत्मविश्वास जताया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि जनता का विकास है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर वे नगर पंचायत क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि वे पूर्व में नगर पंचायत के उपाध्यक्ष रह चुके हैं और कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहे हैं।
मनोज कुमार चौधरी के नामांकन के साथ ही सरायकेला नगर क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में अन्य प्रत्याशी किस तरह की रणनीति अपनाते हैं और किसके पक्ष में जनता अपना समर्थन देती है।

