Advertisements
Spread the love

तिरुलडीह थाना में नक्सली हमले में शहीद पांच जवानों को दी गई श्रद्धांजलि, पुलिसकर्मियों की आंखें हुईं नम

Advertisements

चांडिल : तिरुलडीह थाना क्षेत्र के कुख्यात कुकड़ू हाट नक्सली हमले की छठी बरसी पर शनिवार को तिरुलडीह थाना परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वर्ष 2019 की घटना में शहीद हुए पांच पुलिसकर्मियों को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

श्रद्धांजलि सभा का नेतृत्व तिरुलडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने किया। इस दौरान थाना में पदस्थापित पुलिसकर्मियों, अधिकारियों और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों ने शहीद जवानों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया।

गौरतलब है कि 14 जून 2019 को तिरुलडीह थाना क्षेत्र के कुकड़ू साप्ताहिक हाट में नक्सलियों ने पुलिस के गश्ती दल पर हमला कर जघन्य घटना को अंजाम दिया था। इस हमले में दो एएसआई सहित कुल पांच पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे।
शहीद जवानों में एएसआई गोवर्धन पासवान, एएसआई मनोधन हांसदा, आरक्षी धनेश्वर महतो, आरक्षी डिब्रू पूर्ति और आरक्षी युधिष्ठिर मलुवा शामिल थे। घटना के बाद नक्सली जवानों के हथियार भी लूटकर फरार हो गए थे।

श्रद्धांजलि सभा में तिरुलडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने समाज के भटके हुए युवाओं से मुख्यधारा में लौटने की अपील की और कहा कि हिंसा किसी भी समस्या का हल नहीं है। थाना प्रभारी ने क्षेत्र को अपराध मुक्त और शांतिपूर्ण बनाए रखने में आम नागरिकों से सहयोग की अपील की।

इस अवसर पर सब इंस्पेक्टर सोमा उरांव, कार्तिकेय सिंह, नोवेल एक्का, सहायक सब इंस्पेक्टर रंजीत प्रसाद, बीरो लाल मुर्मू, हवलदार अबध किशोर दुबे, दिलीप लोहरा सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।