Advertisements
Spread the love

सुधा डेयरी में ठेका कर्मी की मौत पर उठा सवाल, उच्च स्तरीय जांच की मांग तेज

Advertisements

रिपोर्टर : जगबंधु महतो

आरजेडी नेता अर्जुन यादव ने लगाया लापरवाही का आरोप, परिजनों को मुआवजा व नौकरी देने की मांग

 

गम्हरिया: सुधा डेयरी, गम्हरिया में कार्यरत ठेका कर्मी रवीन्द्र ठाकुर की मौत को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश महासचिव अर्जुन प्रसाद यादव ने इस घटना को गंभीर और संवेदनशील बताते हुए सरकार से उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।

यादव ने कहा कि रवीन्द्र ठाकुर की तबीयत 19 जून 2026 को ड्यूटी के दौरान ही बिगड़ गई थी। उनका आरोप है कि यदि प्रबंधन द्वारा समय पर उचित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराते हुए उन्हें तत्काल अस्पताल भेजा जाता, तो उनकी जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन की लापरवाही, प्रताड़ना और निष्क्रियता के कारण यह दुखद घटना हुई।

राजद नेता ने यह भी दावा किया कि इससे पहले भी कई ठेका कर्मियों की मौत हो चुकी है, जिनकी परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वर्षों से कार्यरत ठेका मजदूरों को स्थायी करने के बजाय अस्थायी स्थिति में रखा जा रहा है, जिससे श्रमिकों में असंतोष बढ़ रहा है। साथ ही उन्होंने भविष्य निधि (पीएफ) से संबंधित अनियमितताओं का भी आरोप लगाया और कहा कि इससे रवीन्द्र ठाकुर मानसिक रूप से परेशान थे।

अर्जुन प्रसाद यादव ने राज्य सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने तथा परिवार के एक सदस्य को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।