Advertisements
Spread the love

विद्या ज्योति स्कूल के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता में धमाकेदार प्रदर्शन 

Advertisements

चांडिल(सरायकेला) : उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की फेडरेशन कराटे प्रतियोगिता में विद्या ज्योति स्कूल, गम्हरिया के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और झारखंड का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीम ने कुल 2 स्वर्ण, 1 रजत और 5 कांस्य पदक अपने नाम किए।
विद्यालय की प्रतिभाशाली खिलाड़ी रक्षा कुमारी ने 13 वर्ष आयु वर्ग में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं सीनियर वर्ग में स्मिता दास ने अपने कौशल, आत्मविश्वास और तकनीक के दम पर स्वर्ण पदक हासिल कर पूरे दल का मनोबल बढ़ाया। दोनों खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
झारखंड राज्य फेडरेशन की ओर से स्मिता दास को 3000 रुपये, जबकि रक्षा कुमारी को 2000 रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। दोनों खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में शामिल कर भी सम्मानित किया गया, जो उनकी मेहनत और लगन का प्रमाण है। गौरतलब है कि यह राष्ट्रीय स्तरीय कराटे फेडरेशन गेम्स 6 और 7 दिसंबर को सनवैली पब्लिक स्कूल, वाराणसी में आयोजित हुई थी। विद्या ज्योति स्कूल के कुल 9 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने इसमें भाग लिया और अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। विद्यालय प्रबंधन तथा प्रशिक्षकों ने सभी खिलाड़ियों की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने न सिर्फ स्कूल का, बल्कि झारखंड का नाम भी उज्ज्वल किया है।

You missed