Advertisements
Spread the love

60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान के तहत महुआजारी और बांसजाड़ी में विधिक जागरूकता कार्यक्रम

Arjun Kumar…✍️

रांची। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची की ओर से 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान के तहत महुआजारी पंचायत भवन एवं बांसजाड़ी गांव में डोर-टू-डोर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (रोकथाम, प्रतिषेध एवं निवारण) अधिनियम, 2013 यानी पोस एक्ट-2013 तथा नालसा की बाल-अनुकूल कानूनी सेवाएं योजना-2024 की जानकारी दी गई।
झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति-सह-कार्यपालक अध्यक्ष, झालसा, सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश, सदस्य सचिव झालसा रंजना अस्थाना एवं न्यायायुक्त-सह-अध्यक्ष डालसा, रांची अनिल कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन तथा डालसा सचिव के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा ने कहा कि महिलाओं को कार्यस्थल पर सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। पोस एक्ट-2013 का उद्देश्य कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम, प्रतिषेध तथा शिकायतों का प्रभावी निवारण सुनिश्चित करना है। महिलाओं को गरिमा और सम्मान के साथ कार्य करने का अधिकार प्राप्त है।
सहायक एलएडीसी सौरभ पांडे ने नालसा की बाल-अनुकूल कानूनी सेवाएं योजना-2024 की जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के जरूरतमंद, पीड़ित या कानून से संघर्षरत बच्चों को निःशुल्क कानूनी सहायता का अधिकार है। दिव्यांग बच्चों के लिए न्याय प्रणाली को सुलभ एवं बाधामुक्त बनाना भी योजना का प्रमुख उद्देश्य है।
डालसा टीम ने घर-घर जाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन, पीएम किसान, पशुपालन शेड, राशन कार्ड, सिंचाई मशीन एवं लेबर कार्ड से संबंधित आवेदन शामिल हैं। अभियान के दौरान लगभग 900 ग्रामीणों को विधिक एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं, बांसजाड़ी गांव में एक परिवार को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने के लिए चिन्हित किया गया।
पीएलवी सुमन ठाकुर ने आगामी 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी। डालसा टीम ने ग्रामीणों को बाल विवाह, बाल श्रम, दहेज प्रथा, डायन-बिसाही तथा स्पॉन्सरशिप योजना के प्रति भी जागरूक किया।
कार्यक्रम में डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा, सहायक एलएडीसी सौरभ पांडे, पीएलवी सुमन ठाकुर, कालिन्दर गोप, संजीत उरांव, सुनिता देवी, भुप्रताप महतो, अमित बड़ाईक, बंधु उरांव, सुमाती कुमारी, रेनु देवी, संगीता सिंह, चालक राजा वर्मा सहित बांसजाड़ी गांव के ग्रामीण उपस्थित थे।