Advertisements
Spread the love

सड़क किनारे सूखे पेड़ों ने ली दो युवकों की जान, विभागीय लापरवाही पर ग्रामीणों में आक्रोश

Arjun Kumar…..✍️

अनगड़ा(राँची) ।  रांची-मुरी मुख्य मार्ग पर अनगड़ा थाना क्षेत्र के पुरनापानी के समीप रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। चलती बाइक पर अचानक पेड़ की भारी डाल गिरने से बाइक सवार दोनों युवक उसकी चपेट में आ गए। मृतकों की पहचान टाटी मातकमडाह निवासी बरज बेदिया (20) और अमित बेदिया के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों युवक एक ही मोटरसाइकिल से जोन्हा की ओर से आ रहे थे। पुरनापानी के पास पहुंचते ही सड़क किनारे स्थित पेड़ की एक विशाल डाल अचानक टूटकर बाइक पर जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि बरज बेदिया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अमित बेदिया को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए रिम्स ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल अमित के बड़े भाई के नाम पर करीब दो महीने पहले ही खरीदी गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रांची-मुरी मार्ग पर अनगड़ा से सिल्ली के बीच सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में सूखे और जर्जर पेड़ मौजूद हैं। इससे पहले मई और जून के दौरान आंधी-तूफान में भी कई पेड़ सड़क पर गिर चुके हैं। इसके बावजूद सड़क किनारे खड़े खतरनाक पेड़ों को हटाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में इस मामले को लेकर विधायक अमित महतो द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों को सूखे और असुरक्षित पेड़ों को चिह्नित कर हटाने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने के कारण आज दो युवकों को अपनी जान गंवानी पड़ी। घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग और पथ निर्माण विभाग के प्रति नाराजगी है। लोगों ने मांग की है कि रांची-मुरी मार्ग सहित क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के किनारे मौजूद सभी सूखे, जर्जर और दुर्घटना की आशंका वाले पेड़ों का तत्काल सर्वे कराया जाए तथा उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते ऐसे पेड़ों को हटाया गया होता तो संभवतः यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। लोगों ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित विभागों से त्वरित और ठोस कार्रवाई की मांग की है।

You missed