Advertisements
Spread the love

एमएमडीआर संशोधन विधेयक के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन तेज, 25 अगस्त को अनगड़ा अंचल घेराव

Arjun Kumar…✍️

अनगड़ा(राँची) । केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक के खिलाफ कांग्रेस ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में 25 अगस्त 2026 को अनगड़ा अंचल कार्यालय का घेराव किया जाएगा। कांग्रेस ने इसे आंदोलन की पहली बड़ी शुरुआत बताते हुए आगे पूरे झारखंड में आंदोलन को विस्तार देने की बात कही है।
अनगड़ा प्रखंड चौक स्थित प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में केंद्र सरकार के प्रस्तावित संशोधन के प्रभाव और झारखंड के खनिज संसाधनों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में कहा गया कि खान एवं खनिज संशोधन विधेयक से झारखंड के खनिज संसाधनों से होने वाली आय और राज्य की वित्तीय स्वायत्तता पर असर पड़ने की आशंका है। खनिज राजस्व में कमी आने से सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए राज्य के वित्तीय संसाधनों पर दबाव बढ़ सकता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आशंका जताई कि राजस्व में कमी का असर मंईयां सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, अबुआ आवास योजना, 200 यूनिट मुफ्त बिजली, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, कृषि ऋण माफी योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना और मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना जैसी योजनाओं पर भी पड़ सकता है । बैठक में कहा गया कि विधेयक संसद के दोनों सदनों से पारित होने के बाद राष्ट्रपति की स्वीकृति के लिए भेजा गया है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से झारखंड के हित और जनहित को ध्यान में रखते हुए विधेयक पर पुनर्विचार करने तथा इसे वापस लेने की मांग की । बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 अगस्त को अनगड़ा अंचल घेराव के साथ आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद खिजरी विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे झारखंड में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

You missed