
दोनों फेफड़े खराब, प्रत्यारोपण के लिए 80 लाख की जरूरत
Arjun Kumar…..✍️
अनगड़ा(राँची) । गंभीर बीमारी से जूझ रहे 23 वर्षीय सुधांशु राज के इलाज के लिए भाजपा के पूर्व ग्रामीण जिलाध्यक्ष जैलेंद्र कुमार ने आर्थिक सहयोग का हाथ बढ़ाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प पखवाड़ा के तहत उन्होंने सुधांशु के परिजनों को एक लाख रुपये का चेक सौंपा । ओरमांझी निवासी सुनील गुप्ता के पुत्र सुधांशु राज के दोनों फेफड़े खराब हैं। चिकित्सकों ने उनके जीवन को बचाने के लिए फेफड़ों के प्रत्यारोपण की आवश्यकता बताई है। इसके लिए करीब 80 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार इलाज का खर्च जुटाने के लिए समाज, संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील कर रहा है। जानकारी प्राप्त होते ही जैलेद्र कुमार परिजनों से मिले और उन्होंने परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की । जैलेंद्र कुमार की इस पहल से इलाज के लिए संघर्ष कर रहे परिवार को कुछ राहत मिली है। परिजनों ने सहयोग के लिए उनका आभार जताया और सुधांशु के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
