
रोमांचक फाइनल मुकाबले में नायक ब्रदर्स गेतलसूद को 4-3 से दी शिकस्त, विजेता टीम को 40 हजार और उपविजेता को 30 हजार रुपये देकर किया गया सम्मानित
Arjun Kumar….✍️
अनगड़ा (रांची)। प्रखंड के बेंती स्थित महादेव टांड़ मैदान में आयोजित वीर शहीद कोका कमार करमाली तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का हुआ समापन । कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बावजूद टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह और खेल के प्रति जुनून देखने लायक रहा। खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल कौशल और दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया । टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला राजा ब्रदर्स टाटीसिंगारी और नायक ब्रदर्स गेतलसूद के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी रोमांचक रहा। निर्धारित खेल में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंततः पेनाल्टी शूटआउट में राजा ब्रदर्स टाटीसिंगारी ने 4-3 गोल से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। वहीं नायक ब्रदर्स गेतलसूद उपविजेता रहा । समापन समारोह में मुख्य अतिथि खिजरी के पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 40 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 30 हजार रुपये तथा तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को 10-10 हजार रुपये नकद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष उमेश कुमार बड़ाइक, बिसा की पूर्व मुखिया सुषमा बड़ाइक, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, अजय महतो , रामनाथ महतो , राजेन्द्र महतो , प्रखंड प्रमुख , विधायक प्रतिनिधि सरवन मुंडा, सत्यदेव मुंडा एवं कमलाकांत मुंडा अजय करमाली सत्यदेव मुंडा , कुलेश्वर मुंडा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। आयोजकों ने बताया कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य वीर शहीद कोका कमार करमाली की स्मृति को जीवंत रखना तथा ग्रामीण क्षेत्र की फुटबॉल प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करना है। प्रतियोगिता ने खेल भावना, आपसी एकजुटता और शहीद के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
