
रांची पुलिस ने पकड़ी नकली विदेशी शराब बनाने वाली फैक्ट्री, भारी मात्रा में सामान जब्त, 5 गिरफ्तार

✍️ Arjun kumar Pramanik
राँची । रांची पुलिस ने अनगड़ा थाना क्षेत्र में नकली विदेशी शराब बनाने के बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 22 अगस्त की रात आठ बजकर तीस मिनट पर गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम राजोदगेरा स्थित एक मकान में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में शराब व शराब बनाने का सामान बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम संतोष कुमार साह, सुरज कुमार ठाकुर, शिवम कुमार, पवन कुमार महतो और लखन साह बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से नकली विदेशी शराब तैयार कर विभिन्न ब्रांड की बोतलों में पैक कर बाजार में सप्लाई कर रहा था। मौके से आईकोनिक व्हाइट (एक सौ अस्सी एमएल के अड़तालीस पीस), स्टर्लिंग रिजर्व बी सेवन (सात सौ पचास एमएल के बारह पीस और एक सौ अस्सी एमएल के पैंतीस पीस), मैक डॉवेल्स नंबर वन लग्ज़री (तीन सौ पचहत्तर एमएल के चौबीस पीस), रॉयल चैलेंज (एक सौ अस्सी एमएल के चौबीस पीस), रॉयल स्टैग (सात सौ पचास एमएल के पांच बोतल), आइकोनिया व्हाइट की अड़सठ बोतल, थ्री कॉइंस व्हिस्की (सात सौ पचास एमएल के पैंतीस बोतल), स्टर्लिंग रिजर्व (एक सौ बोतल), स्टर्लिंग रिजर्व बी सेवन (तीन सौ पचहत्तर एमएल के दस शराब भरे) और एट पीएम (तीन सौ पचहत्तर एमएल के बीस बोतल) समेत सैकड़ों बोतल शराब, बीस लीटर स्पिरिट, पंद्रह जार स्पिरिट, विभिन्न कंपनियों के ढक्कन, रोल स्टिकर, नकली सरकारी लोगो वाले पैकिंग मटेरियल, शराब बनाने का केमिकल, टूल पंप मशीन, बेलनाकार तरल नापने का यंत्र, अल्कोहल मीटर यंत्र, आधा भरा केमिकल बोतल और वोल्का वेगन वेंटो टीडीआई स्टाइल कंपनी की कार (पंजीकरण संख्या जेएच-शून्य एक बीए) जब्त की गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरोह 2018 से नकली शराब बनाने का धंधा कर रहा था और सरकारी लोगो और क्यूआर कोड लगे स्टिकर का इस्तेमाल कर असली जैसी बोतल तैयार करता था। पुलिस उपाधीक्षक सिल्ली, थाना प्रभारी हीरालाल साह और अनगड़ा थाना पुलिस बल की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपियों के खिलाफ अनगड़ा थाना कांड संख्या 133/2025 दर्ज कर आईपीसी की धारा 274, 275, 292 एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 47/55 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

