
पहली बारिश में ही राँची-पुरुलिया मार्ग बना जलपथ, नागरिकों की बढ़ी परेशानी

राँची/ नामकुम । राँची-पुरुलिया मुख्य पथ पहली बारिश में ही तालाब में तब्दील हो गया। टाटीसिलवे से होकर गुजरने वाला यह मार्ग अधूरे निर्माण और जल निकासी की खराब व्यवस्था के कारण लोगों के लिए मुश्किलों का सबब बन गया है। जानकारी के अनुसार, यह सड़क वर्षों से निर्माणाधीन है। समय पर कार्य पूर्ण नहीं होने के कारण हर वर्ष मानसून में यही स्थिति उत्पन्न होती है। हाल की वर्षा के बाद सड़क का बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया है, जिससे दोपहिया व चारपहिया वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है। कई वाहनों के बीच पानी में बंद हो जाने की घटनाएँ सामने आई हैं। यह मार्ग न केवल टाटीसिलवे और नामकुम को जोड़ता है, बल्कि राँची से पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाले यातायात के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रतिदिन इस मार्ग से लाखों वाहन गुजरते हैं, जिनमें ट्रक, बस, ऑटो, स्कूल वाहन और निजी गाड़ियाँ शामिल हैं।
महिलाओं और बच्चों को अधिक हो रही परेशानी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और छोटे व्यवसायियों को हो रही है। उन्हें कीचड़ और पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य और सुरक्षा दोनों को खतरा उत्पन्न हो गया है।
राजनीति व प्रशासनिक उदासीनता बनी चिंता का विषय
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। निर्माण कार्य की धीमी गति पर ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की लापरवाही को लेकर नाराज़गी है।
निवासियों की माँग है कि संबंधित विभाग जल्द से जल्द पथ निर्माण पूरा करे और वर्षा से पहले जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं से निजात मिल सके।
Related posts:

