काठीकुंड में दुष्कर्म व हत्या मामले का खुलासा, तीन अभियुक्त गिरफ्तार
रिपोर्ट: मौसम गुप्ता, दुमका
काठीकुंड : थाना क्षेत्र में विगत 3 मार्च को महिला के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस जघन्य अपराध में संलिप्त तीन अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने जानकारी दी कि 03 मार्च 2025 को वादी मनोज राय (उम्र लगभग 34 वर्ष, निवासी फिटकोरिया) द्वारा थाना में लिखित आवेदन दिया गया था, जिसमें बताया गया कि उसकी पत्नी अर्चना देवी के साथ अज्ञात अपराधियों द्वारा भाँवरपाथर गांव स्थित नदी किनारे एक झाड़ी के पास दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई। इस आधार पर काठीकुंड थाना कांड संख्या-11/2025, धारा 70(1)/66/103(1)/238 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), दुमका के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य और मानवीय स्रोतों के आधार पर तीन आरोपियों—सुनील हाँसदा (पिता- मलिन हाँसदा), बेटका हाँसदा (पिता- स्व. देवीलाल हाँसदा), और क्रिस्टोफर मुर्मू (पिता- स्व. शिवधन मुर्मू), तीनों निवासी झिल्ली, थाना काठीकुंड—को गिरफ्तार किया गया। तीनों ने पूछताछ के दौरान अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर घटनास्थल से मृतका की टूटी हुई लाल-कथ्थी चूड़ी और घटना के समय पहना गया गमछा भी बरामद किया गया है। तीनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, इस जघन्य अपराध में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।
छापामारी दल में थाना प्रभारी त्रिपुरारी कुमार, पु.अ.नि. विवेक विल्सन बोयपाई (अनुसंधानकर्ता), पु.अ.नि. केदारनाथ पुरती, पु.अ.नि. सुमीत कुमार भगत, स.अ.नि. मिथिलेश कुमार सिंह, हवलदार जेठा मुर्मू, हवलदार कृष्ण कुमार तिवारी, आरक्षी गौतम कुमार दास (आ. 668) एवं गुलाब चन्द मरांडी (आ. 614) शामिल थे।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में जनआस्था बढ़ी है और पीड़ित परिवार को न्याय की आशा मिली है।
