
नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष डॉ. अमेन्द्र कुमार जादव के निर्विरोध चयन पर राजद कार्यकर्ताओं में नाराजगी

दुमका ब्यूरो : मौसम गुप्ता
दुमका । राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष डॉ. अमेन्द्र कुमार जादव के निर्विरोध चुने जाने को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। बुधवार, 11 जून को सम्पन्न हुई इस चुनाव प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि पूरी प्रक्रिया असंवैधानिक और पक्षपातपूर्ण ढंग से सम्पन्न की गई।
राजद कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस चुनाव में न तो कार्यकर्ताओं की राय ली गई और न ही पारदर्शिता बरती गई। उनका आरोप है कि डॉ. जादव समाजवादी पार्टी (सपा) के टिकट पर पूर्व में चुनाव लड़ चुके हैं और उनकी राजद की प्राथमिक सदस्यता भी वैध रूप से नहीं हुई है। इसके बावजूद उन्हें एकतरफा तरीके से निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इस चुनाव में जिला से लेकर प्रदेश स्तर तक अंदरूनी साठगांठ हुई है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पार्टी में इसी प्रकार का रवैया जारी रहा, तो दुमका जिले में राजद का जनाधार धीरे-धीरे समाप्त हो जाएगा।
कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और कहा है कि वर्तमान और पूर्व जिला नेतृत्व कार्यकर्ताओं को न्याय दिलाने में सक्षम नहीं है। कार्यकर्ताओं के अनुसार, यह चुनाव पार्टी के सिद्धांतों और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है, जिसे कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता।

