Spread the love

एसपी आनंद प्रकाश ने क्राइम मीटिंग कर अपराध पर नियंत्रण

और लंबित मामलों के निष्पादन का दिया निर्देश…..

सरायकेला : पुलिस अधीक्षक आनंद प्रकाश ने जिले के सभी थानाें के अधिकारियों के साथ बैठक कर थानावार क्राइम की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी थानों के थाना प्रभारी से बारी बारी से उनके क्षेत्र में होने वाले कांडों के बारे में जानकारी हासिल किए तथा मामलों के निष्पादन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने सभी थाना प्रभारियों और वरीय पुलिस पदाधिकारियों को अपराध में कमी लाने का निर्देश दिया।

Advertisements
Advertisements

बैठक में उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अपराध का ग्राफ बढ़ा तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसपी ने कई थानेदारों की जमकर क्लास लगाई। एसपी ने रात्रि गश्ती तेज करने और कांडों का त्वरित गति से निष्पादन करने का भी निर्देश दिया। एसपी ने सख्त लहजे में कहा कि अच्छा काम करने वालों से ही थाना चलवाया जायेगा। सभी अधिकारी व पुलिसकर्मी अभी से चेत जायें। शिकायत मिलने पर कार्रवाई तय है। थानों पर पहुंचने वाले हर मामलों का निष्पादन करें।

थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों के पंजी में शामिल अपराधियों की कुंडली भी तैयार कर लें। किसी थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिकने पर कार्रवाई होगी। क्राइम मीटिंग में एसपी ने थानेवार लंबित मामले, शिकायतें, लंबित अनुसंधान, गैर जमानती वारंट, नोटिसों का तामिला आदि की समीक्षा की। बैठक में एसपी अभियान पुरुषोत्तम कुमार एवं एसडीपीओ हरविंदर सिंह, डीएसपी, सभी पुलिस निरीक्षक व थाना प्रभारी शामिल रहे। क्राइम मीटिंग के दौरान सभी थाना प्रभारियों को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि थाना पहुंचने वाले लोगों के साथ शिष्ट व्यवहार करें।

एसपी ने कहा कि किसी भी थाना क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन व शराब बिक्री की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी नपेंगे। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को हर हाल में पोस्तो की खेती, बालू उत्खनन व शराब तस्करी पर रोक लगाने को कहा। फरार चल रहे अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजें। एसपी ने कहा सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्वयं रात्रि-गश्ती करेंगे। एसपी ने अवैध शराब की बिक्री के मामले पर कहा कि सूचना तंत्र विकसित कर हर हाल में अवैध शराब के धंधेबाजों की गिरफ्तार करें।

You missed