
आत्महत्या के मामले में मृतका विवाहिता की मां की शिकायत पर सरायकेला थाने में पति, सास और ननद के खिलाफ दर्ज हुआ मामला; भाजपा नेता गणेश महाली के प्रयास से दर्ज हुआ मामला . . .
- सरायकेला : SANJAY
रायकेला शहरी क्षेत्र अंतर्गत इंद्रटांडी में शनिवार को विवाहिता रेखा रानी के द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में मृतका की मां बनिता देवी की शिकायत पर मृतका के पति, सास व ननद के विरुद्ध दहेज के लिए प्रताड़ित करने व खुदकुशी के लिए उकसाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। भाजपा नेता गणेश महाली के प्रयास से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि वे मूल रूप से राजनगर थानांर्गत कमलपुर निवासी है। बताया गया है कि उनकी बेटी रेखा रानी का विवाह वर्ष 2018 में इंद्रटांडी के असित आचार्या के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही उसके पति असित आचार्या, सास छवि रानी आचार्या एवं उनकी ननद मीनू आचार्या द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। बार-बार रूपये का मांग किए जाने पर जमीन बेचकर दामाद असित आचार्य को 50 हजार रुपया दिया गया था। लेकिन इसके बाद भी बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था।
जिसकी लिखित सूचना राजनगर थाना में देने के लिए गए तो पुलिस ने सरायकेला थाना भेज दिया। मृतका की मां ने बताया 22 मार्च को उनकी बेटी ने फोन कर बताया कि करीब चार दिन से उनके ससुराल वालों द्वारा उसे खाना-पीना नहीं दिया जा रहा है तथा उसके साथ मारपीट भी किया जा रहा है। वे 23 मार्च शनिवार को सरायकेला जाने के लिए निकल ही रहे थे तभी उसकी बेटी के ननद मीनू आचार्या ने दोपहर 3 बजे फोन पर कहा कि उसकी बेटी ने खुदकुशी कर ली है। परिजनों के साथ शाम 5 बजे सरायकेला पहुंचे तो दामाद ने कहा कि सरायकेला सदर अस्पताल में उनकी बेटी है। सदर अस्पताल जाकर देखा तो उसकी बेटी की मौत हो चुकी थी।
इस संबंध में दामाद से पूछा तो दामाद ने कहा कि उनकी बेटी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। दामाद असित आचार्या, सास छवि रानी आचार्या व ननद मीनू आचार्या के विरुद्ध दहेज के लिए प्रताड़ित करने व मारपीट कर खुदकुशी के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ने बताया कि विवाहिता के खुदकुशी के मामले में मृतका की मां की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
