
कांदरबेड़ा में प्लास्टिक के नेट में फंसा अजगर, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
चांडिल,सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत कांन्दरबेड़ा स्थित जगजीत होटल के समीप एक अजगर के प्लास्टिक के नेट में फंसे होने की सूचना से आसपास के लोगों में हलचल मच गई। स्थानीय लोगों ने जब अजगर को जाल में फंसा देखा तो इसकी जानकारी सांपों का रेस्क्यू करने वाले धन सिंह सरदार को दी गई।
सूचना मिलते ही धन सिंह सरदार अपने सहयोगी राहुल सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों ने सावधानीपूर्वक करीब 5 फीट लंबे अजगर को प्लास्टिक के जाल से बाहर निकाला और उसे सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ दिया।धन सिंह सरदार और राहुल सिंह क्षेत्र में सांपों के रेस्क्यू का कार्य करते हैं। उनका कहना है कि अक्सर रात के समय घर, मकान या आसपास के इलाकों में सांप निकलने की सूचना मिलती है। सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित रेस्क्यू करते हैं और उसे उसके प्राकृतिक वातावरण में छोड़ देते हैं।
उन्होंने कहा कि पहले ग्रामीण सांपों को देखकर डर के कारण उन्हें मार देते थे, लेकिन अब लोगों में जागरूकता बढ़ी है। ग्रामीण सांपों को मारने के बजाय उन्हें रेस्क्यू करने के लिए सूचना देते हैं। इससे सांपों की जान भी बच रही है और लोगों को भी सुरक्षित रखा जा रहा है।धन सिंह और राहुल ने लोगों से अपील की कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे मारने के बजाय तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि सांप को सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ा जा सके।
