Spread the love

सरायकेला नपं में बढ़े होल्डिंग टैक्स, पानी बिजली की समस्या को

लेकर सड़क पर उतरे लोग, सरायकेला बाजार को किया बंद…..

— दो घंटा सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग रहा जाम…..

— समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा: मनोज चौधरी…

सरायकेला : लचर विद्युत और पानी की आपूर्ति से परेशान एवं होल्डिंग टैक्स में चार गुणा बेहताशा वृद्धि के विरोध में नगर पंचायत उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के नेतृत्व में सरायकेला के व्यवसायी अपने व्यवसायिक प्रतिष्ठान स्वेच्छा से बंद कर आक्रोश जताया। ऐतिहासिक बंदी और जनता का आक्रोश के कारण पानी, दूध, सब्जी तक लोगों को नसीब नहीं हुआ। चप्पा चप्पा बंद रहा। पानी बिजली की समस्या एवं होल्डिंग टैक्स की चर्चा दुर्गा मंदिर में आम सभा कर की गई।

Advertisements

आम सभा में मुख्य रूप से नगर पंचायत अध्यक्षा मीनाक्षी पटनायक, समाजसेवी जलेश कवि, महिला समाजसेवी पिंकी मोदक, आलोक साहू, दिलीप शंकर आचार्य, भोला महंती, रिता दुबे, सरला सुतार, वरुण साहू, बद्री दारोगा एवं अन्य ने संबोधित किया। आम सभा के उपरांत आक्रोशित जनता ने सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग पर एक घंटा से ज्यादा चक्का जाम किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, अंचल अधिकारी सुरेश कुमार सिन्हा एवं पेयजलापूर्ति विभाग के कनीय अभियंता के आश्वासन के बाद जाम खुला। जाम में वाहनों की लंबी कतार लगी रही।

जहां सरायकेला की जनता द्वारा मूलभूत सुविधाओं और अपने हक अधिकार के लिए स्वेच्छा से अपनी दुकानों को बंद कर विरोध जताया गया। वहीं दूसरी ओर भारी संख्या में महिलाओं ने पिंकी मोदक के नेतृत्व में सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। बंद के दिन सुबह से लोगों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें और प्रतिष्ठानो को बंद रखा। सब्जी मार्केट तक वीरान रहा। नगर पंचायत उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के नेतृत्व में लोगों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद रखीं। लोगों का कहना है कि विगत एक माह से पानी और बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। इस भीषण गर्मी के पाइप लाइन से एक बाल्टी पानी नहीं मिल रहा है।

जबकि सरायकेला शहरी क्षेत्र में तीन वर्ष पूर्व 22 करोड़ की लागत से पेयजलापूर्ति योजना का क्रियान्वयन किया गया है। गर्मी में लोग पानी के लिये त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। खास कर छोटे-छोटे बच्चे को अधिक परेशानी हो रही है। पानी खरीद कर प्यास बुझानी पड़ रही है। बच्चे बिना नहाए रह रहे हैं। यही स्थिति बिजली की भी है। कब आई कब चली जाई पता ही नहीं चलता है। 24 घंटे में आठ घंटे भी बिजली नहीं मिल रही है। बिजली संचालित उपकरण बेकार हो गए हैं। आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक खराब हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में बिना बिजली के रहना कष्टदायक है। नगर पंचायत उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि विगत दिनों सड़क जाम की गई थी। परंतु बिजली, पानी की स्थिति में सुधार के आश्वासन पर हटा लिया गया था। बावजूद सुधार नही हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

मौके पर सरायकेला नगर पंचायत के सभी नगर वासियों द्वारा होल्डिंग टैक्स में अप्रत्याशित वृद्धि दर को वापस लेने और पेयजल की भारी किल्लत से निजात दिलाने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया।

Advertisements

You missed