
नगर पंचायत सरायकेला के संविदा कर्मियों ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को मांग पत्र सौंप कर नियमानुसार वेतन भुगतान कराने की मांग की…
सरायकेला: संजय मिश्रा। नगर पंचायत सरायकेला के संविदा कर्मियों ने पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चंपाई सोरेन को मांग पत्र सौंपते हुए श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की अधिसूचना के अनुसार वेतन भुगतान कराए जाने की मांग की। संविदा कर्मी श्याम सुंदर कामिला, अमित कुमार, प्रहलाद साहू, बबन कुमार सिंह, समीर रजक, शिखा कुमारी, शंकर मुखी, रोहित कुमार साहू, लालू प्रसाद महतो एवं अर्जुन गोप द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि सभी संविदा कर्मी पिछले 8 से 10 वर्षों से नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी एवं नगर प्रबंधक तथा कार्यालय सहायक द्वारा दिए गए विविध कार्यों का अक्षरश: पालन करते आ रहे हैं।

जिन्हें वर्तमान में श्रम विभाग द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी दर से कम मात्र 11736 रुपए का मासिक भुगतान किया जाता है। जिससे परिवार का भरण पोषण करना अत्यंत ही कठिन हो गया है। और गृहस्थ जीवन बद से बदतर होता जा रहा है। उन्होंने बताया है कि सरायकेला नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की अधिसूचना 530 रांची, दिनांक 11 मार्च 2024 के अनुसार झारखंड राज्य में सरकारी कार्यालय, उपक्रमों, बोर्ड एवं स्थानीय निकाय में कार्यरत कर्मचारियों को 11 मार्च 2024 से प्रभावित दैनिक एवं मासिक न्यूनतम मजदूरी की दर अनुसार अकुशल, अर्ध कुशल, कुशल एवं अति कुशल श्रेणी के तहत वेतन भुगतान करने का निर्देश देने की कृपा की जाए।

