
जिला आयुष चिकित्सा केंद्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया डॉक्टर डे…
सरायकेला: संजय मिश्रा : जिला आयुष चिकित्सा केंद्र सरायकेला में सोमवार को जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कृष्ण कुमार के नेतृत्व में डॉक्टर्स डे मनाया गया। इस दौरान जिले के सभी आयुष चिकित्सा केंद्र के सभी चिकित्सक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी ने केक काट कर चिकित्सा केंद्र के सभी चिकित्सकों को डॉक्टर्स डे की बधाई दी। उन्होंने कहा कि चिकित्सक को समाज में ईश्वर का दूसरा रूप का दर्जा दिया जाता है।

उन्होंने सभी चिकित्सकों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी के साथ करने की अपील की। डॉक्टर्स डे के बारे में बताते हुए डॉ कुमार ने कहा कि भारत में हर साल 1 जुलाई को डॉक्टर्स डे मनाया जाता है। आज ही के दिन 1 जुलाई 1882 ई० में प्रसिद्ध चिकित्सक, स्वतंत्रता सेनानी और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ विधान चंद्र राय का जन्म हुआ था। और संयोग की बात यह है की 1 जुलाई को ही सन 1962 में उनका निधन भी हुआ।
उन्होंने भारत के स्वास्थ्य सेवा को वृहद आकर देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों की स्थापना में उनका बहुमुल्य योगदान रहा। उन्हे उनके अतुलनीय सेवा के लिए देश का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न से सम्मानित भी किया गया। चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ रॉय के समर्पण और योगदान को मान्यता देते हुए भारत सरकार ने 1991 में आधिकारिक तौर पर 1 जुलाई को राष्ट्रीय चिकित्सा दिवस के रूप में घोषित किया। मौके पर आयुष केंद्र के कर्मी बिजली रजक एवं श्रीमती हाईबुरू सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।
Related posts:

