Advertisements
Spread the love

सरायकेला : टायो कॉलोनी में धराशाही फ्लैटों के प्रभावितों से मिले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन

रिपोर्ट : जगबंधु महतो 

Advertisements

सरायकेला :  जिला के गम्हरिया स्थित टायो कॉलोनी में जर्जर फ्लैट गिरने की घटना के बाद मंगलवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी विधायक चंपाई सोरेन प्रभावितों से मिलने पहुंचे।

उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से बातचीत की और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। श्री सोरेन ने कहा,  वे जल्द ही टाटा कंपनी प्रबंधन से वार्ता करेंगे और प्रभावितों को उनके अधिकार दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा, मजदूरों के हक और अधिकारों के लिए संघर्ष करना मेरी प्राथमिकता है। टाटा प्रबंधन के सामने मजदूरों के मुद्दे को मजबूती से उठाने का काम करता आया हूं और आगे भी करूंगा।

बंद टायो कंपनी के मुद्दे पर भी उचित कदम उठाए जाएंगे। धराशायी हुए फ्लैट्स में रह रहे लोगों की स्थिति पर श्री सोरेन ने गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होने कहा, कंपनी प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है । अब कंपनी को इसकी जिम्मेदारी उठानी चाहिए।

टायो कंपनी संघर्ष समिति के अध्यक्ष अजय शर्मा ने बताया, कंपनी प्रबंधन ने प्रभावित लोगों की कोई सुध नहीं ली है। प्रभावित परिवार सड़क पर खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि जब तक प्रबंधन इन लोगों के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू नहीं करता, प्रभावित परिवार ठंड में भी सड़क पर डटे रहेंगे। गौरतलब है कि टायो कॉलोनी के कई फ्लैट्स को कंपनी प्रबंधन ने पहले ही अयोग्य घोषित कर दिया था। इसके बावजूद इन फ्लैट्स में लोग रह रहे थे। हाल की घटना ने इन फ्लैट्स की खराब स्थिति और प्रबंधन की अनदेखी को उजागर कर दिया है।

इस मौके पर गम्हरिया अंचल अधिकारी अरविंद कुमार बेदिया, टायो संघर्ष समिति के अध्यक्ष अजय शर्मा, भाजपा नेत्री सुनीता मिश्रा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे। चंपाई सोरेन ने भरोसा दिलाया कि वे इस मुद्दे को प्राथमिकता से उठाएंगे और टाटा प्रबंधन को मजदूरों और उनके परिवारों के लिए पुनर्वास की प्रक्रिया जल्द शुरू करने को मजबूर करेंगे। स्थानीय निवासियों और प्रभावित परिवारों ने चंपाई सोरेन से उम्मीद जताई है कि उनकी पहल से उनकी समस्याओं का समाधान जल्द होगा।

You missed