Spread the love

पीडीजे एवं सरायकेला अनुमंडलाधिकारी ने वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्ध जनों के साथ मनाए होली का त्यौहार…

सरायकेला:संजय मिश्रा

सरायकेला। सरायकेला के साहेबगंज स्थित FURIDA संस्था द्वारा संचालित वृद्ध आश्रम में कई वृद्ध पिछले कुछ सालों से रहते हैं। पर यहां उनकी जिंदगी में ना कोई रंग ना कोई उमंग होता है। अपनों ने ऐसे वक्त उनके साथ छोड़ा जब उन्हें उनके साथ की सबसे ज्यादा जरूरत थी। परंतु इस बार होली के अवसर पर जब होली के दिन शाम के 6:00 बजे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार एवं सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी सुनील कुमार प्रजापति के साथ मिठाइयां और अन्य दूसरे सामान लेकर उनके बीच पहुंचे तो वहां रह रहे वृद्ध जनों के चेहरे खुशी से चमक उठे।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला द्वारा ओल्ड एज होम में रह रहे वृद्ध लोगों से फूलों के साथ होली मनाया और उन्हें मिठाइयां खिलाई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने वहां रह रहे वृद्ध लोगों को खुद से मिठाइयां खिलाई और एक-एक से बात कर उनका हाल समाचार जाना। उनके साथ कुछ समय बिताया, उन्हें एहसास दिलाया कि वह घर से बाहर नहीं है।

इस अवसर पर furida संस्था के अध्यक्ष भास्कर कुमार एवं अन्य न्यायालय कर्मी भी उपस्थित रहे। भास्कर कुमार ने वहाँ रह रहे वृद्ध लोगों की कुछ छोटी बड़ी समस्याओं की जानकारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को दी। जिस पर उन्होंने सम्बन्धित विभाग तथा जिला प्रशासन के सहयोग से उन समस्याओं के निराकरण किये जाने की बात कही।

साथ ही उन्होंने वृद्ध जनों की तबीयत पूछी और सिविल सर्जन द्वारा साप्ताहिक रूप से एक डॉक्टर को ओल्ड ऐज होम में भेजे जाने के सम्बंध में निर्देश दिया और जरूरत पड़ने पर इलाज के लिए बाहर भी भेजे जाने की बात कही। ओल्ड एज होम में वृद्ध लोग अपने घर से बाहर एक आश्रम में रहते हैं। इस कारण उन्हें जिला प्रशासन द्वारा हर सम्भव सुविधा दिए जाने की बात कही गई।

Advertisements

You missed