















छोटा गम्हरिया में जलजमाव से बदहाल शहीद निर्मल महतो पथ, स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी











रिर्पोटर – जगबंधु महतो
नाला निर्माण अधूरा रहने से सड़क बनी जलाशय, पानी के बीच स्कूल जाने को मजबूर बच्चे
गम्हरिया : गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत छोटा गम्हरिया पंचायत के विश्वकर्मा कॉलोनी एवं शिवनगर क्षेत्र में कभी आदर्श पथ के नाम से विख्यात शहीद निर्मल महतो पथ इन दिनों जलजमाव के कारण बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर पानी जमा होने से सड़क और जलाशय में अंतर करना मुश्किल हो गया है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे अधिक परेशानी छोटे-छोटे स्कूली बच्चों को हो रही है। सड़क पर जलजमाव के कारण छात्र-छात्राओं को पानी के बीच से होकर स्कूल आने-जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। इससे अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
पूर्व जिला प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी, राजद एवं वन, पर्यावरण व जलवायु रक्षा समिति के प्रवक्ता मुकेश झा ने जनहित में जलजमाव की समस्या से अविलंब निजात दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि छोटा गम्हरिया पंचायत में नाला निर्माण कार्य पूरा नहीं होने और पानी के समुचित निकास की व्यवस्था नहीं होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
मुकेश झा ने सवाल उठाते हुए कहा कि पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों की स्थिति का आकलन करना पंचायत प्रतिनिधियों का दायित्व है। सड़क, नाला और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए लोगों को संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने पूछा कि इसके लिए पंचायत प्रतिनिधि जिम्मेदार हैं या प्रखंड और जिला स्तर के अधिकारी?
उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं जिला प्रशासन से पंचायत क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। झा ने कहा कि समय-समय पर प्रखंड एवं जिला प्रशासन द्वारा विकास कार्यों का जायजा लिया जाता तो आज ऐसी भयावह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही से सरकार की भी बदनामी हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि राजद की सरकार में भागीदारी है और जनहित से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से छोटे बच्चों की परेशानी को देखते हुए तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने की अपील की।






