Spread the love

सरायकेला में दुर्गा सोरेन सेना ने भरी हुंकार

सरायकेला। गरीबों की सेवा के उद्देश्य को लेकर करीब डेढ़ महीने पहले बनी दुर्गा सोरेन सेना झारखंड के सभी जिलों में पांव जमाते हुए संगठन को खड़ा करने में तेजी से जुट गई है। इसी क्रम में आज सरायकेला के धर्मशाला सभागार में दुर्गा सोरेन सेना की बैठक का आयोजन किया गया। दुर्गा सोरेन सेना के केंद्रीय मुख्य पर्यवेक्षक बिरसा हांसदा के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में संगठन से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने और संगठन का विस्तार गांव-गांव तक करने की रणनीति बनाई गई। साथ ही गरीबों को न्याय दिलाने में तत्पर रहकर प्रयास करने का संकल्प लिया गया।

सन्नी सिंह बने जिलाध्यक्ष, जिला कमिटी व प्रखंड कमिटी का भी हुआ गठन   :-

सरायकेला खरसावां जिले में दुर्गा सोरेन सेना पहली बैठक में ओमकार सिंह उर्फ सन्नी सिंह के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता ने शिरकत की और संगठन के सिद्धांतों पर चलकर उसके उद्देश्य को पूरा करने का संकल्प लिया। बैठक के उपरांत दुर्गा सोरेन सेना के सरायकेला खरसावां जिला कमिटी का गठन किया गया। जिसमें सर्वसम्मति से ओमकार सिंह उर्फ सन्नी सिंह को जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके साथ ही सचिन हेंब्रोम, गुड्डू सिंह, मालकित सिंह, चंदन राम एवं राजा टूडू को उपाध्यक्ष, रॉबिन हांसदा, मनदीप महाली, सवेश कुमार, विजय रजक, पुरुषोत्तम खंडेलवाल एवं सुमित डोगरा को महासचिव, जीशान अहमद को कोषाध्यक्ष, सूरज दास को उप कोषाध्यक्ष, दिनेश महतो एवं रुपेश महतो को प्रवक्ता, गौरव कुमार रजक को आईटी सेल प्रभारी व राम सिंह को सह प्रभारी, राजीव साहू को सोशल मीडिया प्रभारी व आशीष महतो को सह प्रभारी तथा चंद्र मोहन सामड एवं महेश महतो को गम्हरिया, दिनेश प्रधान एवं उत्तम प्रधान को राजनगर, राजू साव एवं संतोष मुखी को सरायकेला तथा मोहम्मद कलीम एवं मोहम्मद इरशाद को चांडिल के प्रखंड प्रभारियों की घोषणा की गई।

राजनीतिक नहीं समाज की सेवा है लक्ष्य  :-

दुर्गा सोरेन सेना के केंद्रीय मुख्य पर्यवेक्षक बिरसा हांसदा ने दि एवेन्यू मेल से खास बातचीत में कहा कि इस संगठन का मुख्य उद्देश्य गरीबों की सेवा करना तथा गरीबों को उनके हक व अधिकार दिलाने के लिए प्रयास करना है। उन्होंने राजनीतिक क्षेत्र में कदम रखने की संभावनाओं से इनकार करते हुए कहा कि यह एक सामाजिक संगठन है जिसका सिर्फ सामाजिक उद्देश्य है ना कि राजनीतिक। अभी राजनीतिक क्षेत्र में कदम बढ़ाने का संगठन का कोई विचार नहीं है।

दलालों व भ्रष्टाचारियों के चंगुल में फंसी हेमंत सरकार, लोग हैं नाराज :-

दुर्गा सोरेन के केंद्रीय मुख्य पर्यवेक्षक बिरसा हांसदा ने कहा कि हेमंत सरकार दलालों व भ्रष्टाचारियों के चंगुल में फंस गई है। इस सरकार में गरीबों का हक सक्षम लोग मार रहे हैं। हर योजना में दलालों का कब्जा है और भ्रष्टाचार का जमकर बोलबाला है। दलाल लोगों के माध्यम से अफसर द्वारा पैसा वसूला जा रहा है जिससे गरीब योजना से वंचित हो जा रहे हैं। जिससे लोग खासे नाराज हैं। दुर्गा सोरेन सेना गरीबों को हक व अधिकार दिलाने हेतु प्रयास करेगी।

हेमंत सोरेन से नाराज बड़ी संख्या लोग झामुमो छोड़ दुर्गा सोरेन सेना का थाम रहे दामन  :-

बिरसा हांसदा ने कहा कि हेमंत सोरेन ने जनता से जो वादे किए थे वह वादा पूरा नहीं कर पाए हैं। यही कारण है कि अब काफी संख्या में लोग हेमंत सोरेन से नाखुश होकर पार्टी छोड़ रहे हैं और पार्टी छोड़ने वाले लोग दुर्गा सोरेन सेना में शामिल हो रहे हैं। बीते डेढ़ महीनों के भीतर काफी संख्या में लोग झामुमो छोड़कर दुर्गा सोरेन सेना में शामिल हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले तीन महीनों के भीतर पार्टी का संगठन पूरी तरह से झारखंड में खड़ा हो जाएगा। डेढ़ महीने तक का सफर तय हो चुका है बाकी बचे डेढ़ महीनों में पूरे झारखंड में दुर्गा सोरेन सेना पूरी तरीके से सक्रिय हो जाएगी।

झामुमो का विकल्प नहीं बल्कि झारखंड का विकल्प है दुर्गा सोरेन सेना :-

दुर्गा सोरेन सेना के केंद्रीय पर्यवेक्षक बिरसा हांसदा ने दावा किया कि दुर्गा सोरेन सेना के गठन होने के बाद सिर्फ झामुमो ही नहीं सभी राजनीतिक पार्टियों को काफी नुकसान पहुंचा है। और उनके दलों के कार्यकर्ता दुर्गा सोरेन सेना में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह संगठन झामुमो का विकल्प के तौर पर नहीं है बल्कि झारखंड का विकल्प है।

Advertisements

You missed