Spread the love

आधी रात पहुंचे डकैतों ने दो घरों में की जमकर लूटपाट…. क्षेत्र में दहशत

सरायकेला। क्षेत्र में इन दिनों असामाजिक तत्वों का मनोबल आसमान छूता नजर आ रहा है। बीते महीनों में दर्जनों चोरी की घटनाओं के बाद बीते सोमवार की देर रात्रि क्षेत्र में सनसनी फैलाने वाले दो घरों में डकैती जैसी घटना को अंजाम दिया गया है। जिसकी खबर फैलते ही सरायकेला भर के लोगों में भारी दहशत का माहौल देखा जा रहा है।

  

सरायकेला थाना अंतर्गत रिहायशी इलाके हंसाहुड़ी मोहल्ले के बिरसा मुंडा स्टेडियम समीप स्थित घटी उक्त दोनों घरों में डकैती की घटनाओं के संबंध में बताया जा रहा है कि सोमवार की देर रात्रि करीब 14 की संख्या में हथियारों से लैस डकैत सबसे पहले अवनी कांत होता के बंद पड़े घर में घुसे। जहां जमकर लूटपाट मचाते हुए घर के सामानों और गोदरेज एवं गरीब 10 अलमीरा आदि को तहस-नहस करते हुए पूरी तरह से सामान बिखेर दिया। बताया जा रहा है कि अवनी कांत होता अपनी पत्नी पुष्पा होता के साथ इलाज के लिए बीते 1 नवंबर को दिल्ली गए हैं। इसलिए उनके लौटने के बाद ही डकैती की गई सामानों का पता चल पाएगा। हालांकि सरायकेला पुलिस द्वारा इस संबंध में घटना की सूचना अवनी कांत होता को दूरभाष के माध्यम से दे दी गई है। बताते चलें कि अवनी कांत होता के पुत्र पीएमओ प्रधानमंत्री कार्यालय में कार्यरत हैं। और बताया जा रहा है कि लगभग 2 वर्ष पूर्व फूल तोड़ने के दौरान अवनी कांत होता की पत्नी पुष्पा होता के गले से अपराधियों ने सोने की चेन की छिनतई कर ली थी।

दूसरी घटना अवनी कांत होता के मकान से सटे अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ प्रदीप कुमार पति के घर में घटी। जिसमें सीसीटीवी फुटेज के अनुसार रात के 1:52 बजे करीब 14 की संख्या में हथियारों से लैस डकैत उनके मुख्य ग्रिल का ताला काटकर और दरवाजों को तोड़कर घर में घुसे। जिसके बाद परिवार वालों को बंधक बनाते हुए जमकर मारपीट करते हुए डकैती की घटना को अंजाम दिए। और डकैती की घटना को अंजाम देने के बाद तकरीबन 2:46 बजे आराम से चलते बने। इस दौरान दोनों घरों से नगदी, ज्वेलरी सहित लाखों के सामान डकैती किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि डॉ पति घर से लूटकर ले जाए गए दो मोबाइलों में से एक मोबाइल को सरायकेला पुलिस ने समीप की झाड़ी से बरामद किया है। जबकि एक अन्य मोबाइल का लोकेशन भी समीप के तालाब में मिला है।


पूरे मामले में एएसपी अभियान पुरुषोत्तम कुमार, सरायकेला थाना प्रभारी मनोहर कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी और पुलिस के जवान घटनास्थल पर पहुंचकर लगातार मामले के उद्भेदन में जुटे हुए हैं। परंतु समाचार लिखे जाने तक पुलिस के हाथ कोई पुख्ता सबूत नहीं लग पाया है। जबकि पुलिस द्वारा घटना के दौरान मौजूद फोन को ट्रैक करते हुए मेटल डिटेक्टर से आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी की जा रही है। सरायकेला थाना प्रभारी मनोहर कुमार ने बताया है कि सभी बिंदुओं पर घटना की जांच तेजी से की जा रही है। जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।

Advertisements

You missed