Spread the love

ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक सविता महतो ने किया निर्माणाधीन चांडिल–कांड्रा सड़क का निरीक्षण

Advertisements
Advertisements

चांडिल : लगातार ग्रामीणों एवं आमजनों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने निर्माणाधीन चांडिल गोलचक्कर से कांड्रा तक सड़क का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता अशोक कुमार रजक भी मौजूद थे।
निरीक्षण के क्रम में विधायक ने सड़क निर्माण कार्य की प्रगति, पिच की मोटाई तथा निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। उन्होंने संवेदक को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य पूरी तरह मानक के अनुरूप हो तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने कहा कि ग्रामीणों से सड़क की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें मिल रही थीं, इसी के मद्देनज़र स्थल निरीक्षण किया गया है।
विधायक सविता महतो ने संवेदक को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क निर्माण में किसी प्रकार की कोताही सामने आने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को भी नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया, ताकि तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण सड़क जनता को मिल सके।
गौरतलब है कि करीब 8 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से चांडिल–कांड्रा मार्ग के 6.3 किलोमीटर हिस्से का मरम्मती कार्य किया जा रहा है, जिसे चार माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी, जिसका शिलान्यास स्वयं विधायक सविता महतो ने कर मरम्मती कार्य की शुरुआत कराई थी।
इस अवसर पर पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता अशोक कुमार रजक, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, समर भुईयां, मोतीलाल सोरेन, शिमल बेसरा, राहुल वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

You missed