
एकाग्र मन और निश्चित लक्ष्य से किया गया अध्ययन सफलता की कुंजी : शीतल ओहदार

Arjun Kumar Pramanik…..✍️
नामकुम(रांची) । टाटीसिलवे स्थित महिलौंग में बीएमबीएसटी पब्लिक स्कूल में बुधवार को वार्षिक परिणाम विवरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाज सुधारक सह कुड़मी समन्वय समिति के मुख्य संयोजक शीतल ओहदार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी सखीचंद महतो और अरविंद महतो उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि शीतल ओहदार ने वर्ष 2026 की वार्षिक परीक्षा में नर्सरी से अष्टम वर्ग तक प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एकाग्र मन और निश्चित लक्ष्य के साथ किया गया अध्ययन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि बीएमबीएसटी पब्लिक स्कूल कम शुल्क में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है और कम समय में ही अभिभावकों व विद्यार्थियों के बीच विश्वास कायम किया है। उन्होंने बताया कि इस विद्यालय से पढ़कर लगभग 52 विद्यार्थी विभिन्न सरकारी पदों पर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे मेहनती और लगनशील होते हैं। यदि उन्हें सही मार्गदर्शन और अभिभावकों का सहयोग मिले तो वे यूपीएससी, जेपीएससी, आईएएस, आईपीएस, मेडिकल, इंजीनियरिंग, एनडीए और आईआईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की तैयारी के बारे में भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों और विद्यार्थियों ने उनके विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य विमल कुमार महतो की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के प्रति समर्पण, अनुशासन और शिक्षकों की मेहनत यह दर्शाती है कि भविष्य में विद्यालय का नाम और ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। विद्यालय के प्राचार्य विमल कुमार महतो ने समाज के प्रति उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए शीतल ओहदार, सखीचंद महतो और अरविंद महतो को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन उप-प्राचार्य मरियम सांगा ने किया, जबकि विद्यालय की सचिव लक्ष्मी कुमारी ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक मनोज महतो, किरण शर्मा, किरण ठाकुर, संगीता महतो, सविता महतो, वीरंची कुमारी, उषा महतो, ललिता कुमारी, रजनी कुमारी, प्रियंका कुमारी, मंजू लकड़ा, तृतमनी कुमारी, दीपिका महतो और पूजा कुमारी का विशेष योगदान रहा।

