
अनगड़ा में निर्मित डिग्री महाविद्यालय का पठन–पाठन शीघ्र शुरू हो : राजेन्द्र प्रसाद शाही मुंडा व अनुराधा मुंडा

Arjun Kumar Pramanik……..✍️
अनगड़ा(राँची) । प्रखंड अंतर्गत सालहन पंचायत के बेड़वारी में निर्मित डिग्री महाविद्यालय में शीघ्र पठन–पाठन प्रारंभ करने की मांग को लेकर जिला परिषद सदस्य अनगड़ा राजेन्द्र प्रसाद शाही मुंडा एवं अनुराधा मुंडा ने संयुक्त रूप से महामहिम राज्यपाल को आवेदन सौंपा है।
आवेदन में बताया गया है कि रांची विश्वविद्यालय के अधीन अनगड़ा के बेड़वारी में निर्मित डिग्री महाविद्यालय का भवन निर्माण कार्य लगभग दो वर्ष पूर्व ही पूर्ण हो चुका है, लेकिन भवन के ठीक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत तार के कारण अब तक महाविद्यालय का उद्घाटन एवं पठन–पाठन प्रारंभ नहीं हो पाया है। इसके चलते अनगड़ा, नामकुम एवं सिल्ली प्रखंड के लगभग 50 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ रहा है। इस संबंध में जिला परिषद सदस्य राजेन्द्र प्रसाद शाही मुंडा ने कहा कि “डिग्री महाविद्यालय का भवन पूरी तरह तैयार है, केवल हाईटेंशन तार के कारण संचालन बाधित है। यह समस्या तकनीकी रूप से बहुत बड़ी नहीं है। यदि प्रशासन इच्छाशक्ति दिखाए तो हाईटेंशन तार का स्थानांतरण या सेफ्टी गार्ड प्लेट लगाकर महाविद्यालय को शीघ्र शुरू किया जा सकता है। क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों का भविष्य इससे जुड़ा हुआ है।”
हीं जिला परिषद सदस्य अनुराधा मुंडा ने कहा कि “अनगड़ा प्रखंड एक आदिवासी बहुल क्षेत्र है, जहां शिक्षा की स्थिति पहले से ही कमजोर है। 2011 की जनगणना के अनुसार यहां लगभग 55 प्रतिशत आबादी अनुसूचित जनजाति की है। प्रखंड की साक्षरता दर मात्र 64.92 प्रतिशत है, जबकि महिला साक्षरता दर केवल 52.93 प्रतिशत है। ऐसे में डिग्री महाविद्यालय का संचालन नहीं होना यहां के युवाओं के साथ अन्याय है।” उन्होंने आगे कहा कि प्राकृतिक संसाधनों और पर्यटन स्थलों से समृद्ध होने के बावजूद क्षेत्र में भारी बेरोजगारी व्याप्त है, जिसका मुख्य कारण अशिक्षा है। आज भी प्रखंड की 65 प्रतिशत से अधिक आबादी गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रही है । दोनों जिला परिषद सदस्यों ने महामहिम राज्यपाल से आग्रह किया है कि इस गंभीर समस्या पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि अनगड़ा, नामकुम और सिल्ली प्रखंड के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, सुचारु शैक्षणिक वातावरण एवं भविष्य निर्माण के बेहतर अवसर मिल सकें। साथ ही शीघ्र डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन कर शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ की जाएं, जिससे गरीब आदिवासी बहुल क्षेत्र में शिक्षा की मजबूत नींव रखी जा सके। साथ में समाज सेवी रामसाय मुण्डा बनमाली मण्डल सुरसु मुखिया सुमित्रा देवी कुचू मुखिया सहदेव बेदिया श्याम सुंदर बेदिया और संजय नायक मौजूद रहें ।

