
टाइगर जयराम महतो के समर्थन में उतरे जेएलकेएम पदाधिकारी, बोले – हमारे नेता पर रचा जा रहा षड्यंत्र, संरक्षण की लड़ाई को आरक्षण की जंग बताकर भटकाया जा रहा मुद्दा

संवाददाता : जगबंधु महतो
जमशेदपुर । झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम महतो के समर्थन में पार्टी के कोल्हान पदाधिकारी खुलकर सामने आए हैं। शनिवार को जमशेदपुर में आयोजित एक प्रेसवार्ता में पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी और उसके नेतृत्व के खिलाफ सुनियोजित षड्यंत्र रचा जा रहा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि आज की लड़ाई संरक्षण की है, न कि आरक्षण की। झारखंड राज्य के निर्माण में आदिवासी और कुड़मी दोनों समाजों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, लेकिन कुछ ताकतें इस एकता को तोड़ने की कोशिश कर रही हैं।
पदाधिकारियों ने कहा कि हमारे केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो शोषितों और पीड़ितों के हक की आवाज उठा रहे हैं और उन्हें 75 फ़ीसदी रोजगार में हिस्सेदारी दिलाने का काम कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें लगातार धमकियाँ दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि रेल टेका आंदोलन कुड़मियों का आंदोलन था, और जयराम महतो उसी संघर्ष की भावना को आगे बढ़ा रहे हैं। जेएलकेएम किसी भी तरह की गाली-गलौज या सामाजिक वैमनस्यता का विरोध करती है।
पार्टी पदाधिकारियों ने दोहराया कि “हमारे लिए पहले समाज, फिर पार्टी।” कुड़मी समाज की लड़ाई केंद्र सरकार से है, और यह संघर्ष 1975 से जारी है। यदि सिस्टम न्यायपूर्ण ढंग से चले, तो कुड़मियों को आदिवासी दर्जा मिलने से कोई नहीं रोक सकता।
उन्होंने कहा कि पार्टी का रुख साफ है — जेएलकेएम इस लड़ाई का हिस्सा नहीं है, लेकिन कार्यकर्ता अपने-अपने समाज के हित में स्वतंत्र रूप से समर्थन कर सकते हैं। हमारे नेता जयराम महतो स्वयं सरना कोड की मांग कर रहे हैं, ऐसे में उन्हें आदिवासी विरोधी बताना पूरी तरह भ्रामक और षड्यंत्रकारी है। प्रेसवार्ता में प्रमुख रूप से प्रमंडलीय अध्यक्ष नवीन महतो, केंद्रीय संगठन सचिव सविता महतो, केंद्रीय सचिव विद्येश्वर महतो, नगर अध्यक्ष प्रदीप महतो, प्रखंड अध्यक्ष संजय महतो, केंद्रीय प्रवक्ता देवाशीष महतो और कोल्हान प्रवक्ता माधव महतो सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

