
पोटका के नारायणपुर में भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा यज्ञ का शुभारंभ

संवाददाता : अभिजीत सेन
जमशेदपुर/पोटका । हरिणा पंचायत के नारायणपुर गांव में शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और कथा में भाग लिया। 108 महिलाओं द्वारा निकाली गई आकर्षक कलश यात्रा पूरे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। भक्तों के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा के दौरान कथावाचक आदित्य पंडित महाराज भी भाव-विभोर होकर नृत्य करते नजर आए। यात्रा के उपरांत कलश स्थापना की गई और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। इसके बाद सात दिवसीय भागवत कथा ज्ञानयज्ञ की शुरुआत हुई।
कथा के प्रथम दिवस में आदित्य पंडित महाराज ने सूतजी–शौनकजी संवाद, गोकर्ण–धुंधकारी चरित्र, भागवत सप्ताह यज्ञ की विधि और उत्पन्ना एकादशी का महत्व बताते हुए पापों से मुक्ति, मोक्ष, आध्यात्मिक शुद्धि और भक्ति–अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा सुनने से जन्म–मरण के बंधन से मुक्ति मिलती है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजक समिति के अध्यक्ष विमल बरन मंडल, सचिव सुकुमार मंडल, कोषाध्यक्ष अंबरीश मंडल, सदस्य गौतम मंडल, कुशोध्वज खांडवाल, अभिजीत मंडल, समीर मंडल, मंटू मंडल, कन्हाई मंडल, सहदेव खंडवाल, सनत मंडल, अलोक मंडल, दिलीप मंडल, सुजाता मंडल, काकुली मंडल, संचिता मंडल, आशा मंडल, सूर्य सेन मंडल, दुलाल मंडल सहित ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Related posts:

