Spread the love

रेलवे ब्रिज से चेकर प्लेट चोरी का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार

Advertisements
Advertisements

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

सरायकेला – खरसावां । सरायकेला जिले के आमदा ओपी अंतर्गत कुचाई गांव के समीप निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज से गलभनाइज़ चेकर प्लेट की चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का सफल उद्भेदन किया है। यह घटना 2 जून 2025 की रात घटी थी, जिसकी प्राथमिकी कांड संख्या 46/25 के रूप में 6 जून 2025 को दर्ज की गई थी। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। गठित दल द्वारा की गई गहन छानबीन और सघन छापेमारी के बाद छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से चोरी की गई लगभग चार टन वजन की गलभनाइज़ चेकर प्लेट, चोरी में प्रयुक्त टाटा योगा पिकअप वाहन, चार मोबाइल फोन और ₹4000 नकद राशि बरामद की गई है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के नाम सुरेश महतो, मिथुन ज्योतिषी, कर्नल गद्दाफी उर्फ कर्नल, शेख शाहजहाँ उर्फ काली, चंदमोहन बंकिरा उर्फ पांडु और संजीव बिरुवा उर्फ बुडीवली हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच से यह संकेत मिला है कि इन सभी ने पूर्व नियोजित ढंग से इस चोरी को अंजाम दिया था।
इस छापेमारी दल में सरायकेला अंचल के सर्कल इंस्पेक्टर नितिन कुमार सिंह, आमदा ओपी प्रभारी रमन कुमार विश्वकर्मा, खरसावां थाना प्रभारी कुमार गौरव, सरायकेला थाना के एसआई रामरेखा पासवान, खरसावां थाना सेट-01 के अधिकारी, आमदा ओपी के रिज़र्व गार्ड तथा तकनीकी शाखा के जवान शामिल थे। पुलिस ने इस कार्रवाई को अभियुक्तों की गतिविधियों की सटीक निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर अंजाम दिया।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस मामले से जुड़े अन्य अपराधियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस की इस त्वरित और ठोस कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि रेलवे जैसे महत्वपूर्ण संरचनात्मक कार्यों में बाधा डालने वाले तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।

You missed