
करेंट की चपेट में आने से तीन वर्षीय बच्चे की मौत, DLSA ने लिया संज्ञान


Arjun Kumar Pramanik…….✍️
नामकुम (रांची)। झालसा हाईकोर्ट एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) सिविल कोर्ट के आदेश के आलोक में पीएलवी लता कुमारी द्वारा नामकुम क्षेत्र के मौलाना आज़ाद हरिजन कब्रिस्तान के समीप घटित दर्दनाक हादसे की जांच की गई। इस घटना में निखत प्रवीण के तीन पुत्रों में से तीन वर्षीय मोहम्मद फरहान की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, घर और नाली के बीच लगे विद्युत ट्रांसफार्मर के पास नाली में खेलते समय बच्चे को अचानक तेज करंट का झटका लगा, जिससे वह नाली में गिरकर दलदल में फंस गया। उसे बचाने के प्रयास में पांच वर्षीय दूसरा बच्चा भी नाली में गिर पड़ा। बच्चों की मां ने साहस दिखाते हुए दोनों को बचाने का प्रयास किया, जिसमें वे स्वयं भी नाली के बहाव में काफी दूर तक बह गईं। कठिन प्रयासों के बाद एक बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि मोहम्मद फरहान को मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही DLSA सिविल कोर्ट के न्यायाधीश राकेश रोशन स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि DLSA की ओर से हर संभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा पीड़ित परिवार को सभी प्रासंगिक सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा । परिजनों ने घर के समीप लगे विद्युत ट्रांसफार्मर को हटाने तथा पास के खुले मैदान में चल रही जुआ, नशाखोरी एवं असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग रखी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पीएलवी लता कुमारी ने बताया “यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। पीड़ित परिवार की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया है। पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट तैयार की गई है, जिसे झालसा हाई कोर्ट एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को भेज दिया गया है। परिवार को विधिक सहायता के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।” मौके पर DLSA सिविल कोर्ट के न्यायाधीश, अधिवक्ता, पीएलवी टीम के सदस्य तथा पीड़ित परिवार के लोग उपस्थित थे।

