















मूसलाधार बारिश ने ढहाया गरीब का आशियाना, छह वर्षीय बच्ची समेत परिवार ने भागकर बचाई जान











रिर्पोटर – जगबंधु महतो
सरकारी आवास योजना से वंचित है पीड़ित परिवार, जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की
सरायकेला/कुकड़ू, : लगातार हो रही भारी बारिश ने कुकड़ू प्रखंड के सापादा गांव निवासी त्रिभंगा गोराई के परिवार का आशियाना उजाड़ दिया। विगत रात तेज और लगातार बारिश के कारण त्रिभंगा गोराई का मिट्टी का कच्चा घर अचानक गिर गया। हालांकि समय रहते परिवार के सदस्य घर से बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस दौरान परिवार ने किसी तरह अपनी जान बचाई और छह वर्षीय बच्ची को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार रात के समय लगातार हो रही बारिश के कारण मिट्टी का घर कमजोर हो गया था। देखते ही देखते घर का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और सुरक्षित आश्रय की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। लगातार बारिश के बीच खुले आसमान के नीचे जीवन गुजारने को मजबूर परिवार अब प्रशासन की मदद की ओर टकटकी लगाए बैठा है।
पीड़ित परिवार की स्थिति को और गंभीर बनाती यह बात है कि त्रिभंगा गोराई अब तक सरकारी आवास योजना के लाभ से भी वंचित हैं। गरीब परिवार का एकमात्र कच्चा आशियाना ढह जाने के बाद अब उनके पास सुरक्षित रहने के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं बची है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ-साथ सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
मामले पर सरायकेला-खरसावां जिला परिषद की उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत संवेदनशील और गंभीर मामला है। प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार की स्थिति का आकलन करना चाहिए तथा नियमानुसार आवश्यक राहत और सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन पीड़ित परिवार की मदद के लिए कितनी जल्दी आगे आता है और बेघर हुए इस परिवार को राहत व सुरक्षित आवास कब तक उपलब्ध हो पाता है।






