Spread the love

घायल ट्रैकमैन को नहीं मिला समय पर इलाज, यूनियन में आक्रोश

Advertisements
Advertisements

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

सरायकेला : सीनी-कांड्रा रेलखंड के अप लाइन पर बड़ा हादसा हो गया। कार्य के दौरान मालगाड़ी की चपेट में आने से रेलकर्मी (ट्रैकमैन) बिशकिशन गवाला गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पोल संख्या 275/S13 – S15 के पास सुबह 6:15 बजे के करीब हुआ। घायल रेलकर्मी करीब एक घंटे तक तड़पता रहा लेकिन सीनी रेल अस्पताल से न तो एम्बुलेंस पहुंची और न ही कोई चिकित्सकीय सहायता मिली जिसके कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे यूनियन के ब्रांच सेक्रेटरी विश्वजीत बड़ाईक ने तत्काल सीनी रेल अस्पताल को सूचना दी लेकिन लापरवाही का आलम यह रहा कि एंबुलेंस नहीं आई। यूनियन नेताओं ने बताया कि पिछले एक वर्ष से सीनी अस्पताल में न तो डॉक्टर तैनात हैं न ही एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध है। घटना के बाद से साउथ ईस्टर्न रेल मेंस यूनियन के कार्यकर्ता और पदाधिकारी गुस्से में हैं। यूनियन ने इस लापरवाही की कड़ी निंदा करते हुए चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही चिकित्सा सुविधाएं बहाल नहीं की गईं, तो प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा। गौरतलब है कि दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक असित कुमार मिश्रा ने हाल ही में कई स्टेशनों का निरीक्षण किया था। घटना के अगले ही दिन इस तरह की लापरवाही ने रेलवे की प्रबंधन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यूनियन ने मांग की है कि सीनी रेल अस्पताल में तुरंत डॉक्टर की नियुक्ति हो, 24×7 एंबुलेंस सेवा बहाल की जाए, दोषियों पर कार्रवाई हो और मृतक के परिवार को मुआवजा व नौकरी दी जाए।

You missed