Spread the love

चांडिल में अज्ञात शव हत्या का मामला सुलझा, एक आरोपी गिरफ्तार

चांडिल संवाददाता : कल्याण पात्रो

सरायकेला-खरसावां : चांडिल थाना क्षेत्र के काटिया स्टेडियम के पास खेत में मिले अज्ञात शव के मामले में पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी विक्रम मुंडा उर्फ टिक्का मुंडा (27) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार दिनांक 20 फरवरी 2025 को चांडिल थाना क्षेत्र में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। इस पर चांडिल थाना कांड संख्या-30/2025, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर विक्रम मुंडा उर्फ टिक्का मुंडा को पूछताछ के लिए थाना लाया गया जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस पूछताछ में विक्रम मुंडा ने बताया कि वह और मृतक सुकराम गोप एक ही कंपनी (क्रिस्टल थर्माकॉल फैक्ट्री, काटिया) में काम करते थे। 18 फरवरी 2025 को विक्रम मुंडा ने एक मोबाइल खरीदा था जिसे सुकराम गोप ने 9500 रुपये के साथ चुरा लिया था। इसी से गुस्साए विक्रम ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर सुकराम गोप की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने विक्रम मुंडा को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त पत्थर को विधिवत जब्त कर लिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। छापेमारी दल में चांडिल एसडीपीओ अरविंद कुमार बिन्हा, चांडिल अंचल निरीक्षक अजय कुमार, पुअनि सह चांडिल थाना प्रभारी डिल्सन विरुवा, पु.अ.नि. राहुल कुमार भारती शामिल थे। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

You missed