
गम्हरिया में कथित प्रतिबंधित मांस की बिक्री पर बवाल, 10 किलो मांस के साथ एक गिरफ्तार; दूसरा आरोपी फरार
रिर्पोटर : जगबंधु महतो
रेलवे स्टेशन के पास मांस बिक्री को लेकर तनाव, पुलिस ने मुजाहिद अंसारी को भेजा जेल; संदिग्ध नंबर प्लेट वाली बाइक जब्त
गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया रेलवे स्टेशन से सटे मुरकुम पाखुर गोड़ा क्षेत्र में कथित प्रतिबंधित मांस की बिक्री को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे गौ-रक्षा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुटने से इलाके में हलचल बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गम्हरिया थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि उसका भाई फरार बताया जा रहा है।
सूचना पर जुटे ग्रामीण, पुलिस ने संभाला मोर्चा
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में कथित रूप से प्रतिबंधित मांस की बिक्री किए जाने की सूचना गौ-रक्षा कार्यकर्ताओं रोनित गोराई और श्रवण गोराई को मिली थी। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे, जहां धीरे-धीरे बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। इससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को शांत कर स्थिति को नियंत्रित किया।
10 किलो मांस और मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस के अनुसार, मौके से बालीगुमा निवासी मुजाहिद अंसारी, पिता रशीद अंसारी, को गिरफ्तार किया गया। घटनास्थल से करीब 10 किलोग्राम कथित प्रतिबंधित मांस भी बरामद किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने एक मोटरसाइकिल जब्त की है, जिसकी आगे और पीछे की नंबर प्लेट पर अलग-अलग नंबर दर्ज होने की बात सामने आई है। वाहन के संबंध में भी जांच की जा रही है।
फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी
बताया गया कि घटनाक्रम के दौरान मुजाहिद का भाई अब्दुल सलाम मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। स्थानीय लोगों ने थाने में लिखित शिकायत देकर क्षेत्र में कथित अवैध मांस बिक्री और मवेशी तस्करी पर रोक लगाने की मांग की है।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की है। बरामद मांस के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि उसकी प्रकृति की पुष्टि हो सके। पुलिस जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
