
आदित्यपुर में ₹150 के खाने को लेकर खूनी संघर्ष, युवक की हत्या के आरोप में एक ही परिवार के पांच सदस्य गिरफ्तार
रिर्पोटर – जगबंधु महतो
चाउमीन-चिकन चिली के विवाद में गई युवक की जान, हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद; मां-बाप, दो बेटे और बेटी जेल भेजे गए
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित आयड़ा खाओ गली में दुर्गा पूजा के दौरान खाने के ऑर्डर को लेकर शुरू हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ। महज 150 रुपये के चाउमीन और चिकन चिली के ऑर्डर में देरी को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में मानगो निवासी लाइटिंग मिस्त्री शिखर तिर्की की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे तीन युवक घायल हो गए। मामले में आदित्यपुर थाना पुलिस ने एक ही परिवार के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ऑर्डर में देरी से शुरू हुआ विवाद
शिकायतकर्ता सागर झा के लिखित आवेदन के अनुसार, घटना वाली रात वह अपने दोस्तों के साथ खाओ गली स्थित दुकान पर हाफ चाउमीन और चिकन चिली लेने पहुंचे थे। इसके लिए 150 रुपये का भुगतान भी कर दिया गया था। हालांकि, ऑर्डर मिलने में देरी होने पर दुकानदार और युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज तक पहुंच गया। बताया जाता है कि दुकानदार ने रुपये वापस कर दिए थे, लेकिन इसके बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ।
चाकू से हमले में युवक की मौत
आरोप है कि विवाद के दौरान दुकानदार परिवार के सदस्यों ने युवकों पर हमला कर दिया। इसी बीच मुख्य आरोपी ऋषभ बरुवा ने चाकू से वार कर दिया। हमले में शिखर तिर्की की जान चली गई। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे सागर झा, सन्नी और अरुण पांडे घायल हो गए। घायलों का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में चल रहा है।
पांचों आरोपियों को भेजा गया जेल
थाना प्रभारी अंजनी कुमार के अनुसार, शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में ऋषभ बरुवा, मोहित बरुवा, पिता मोहन बरुवा, मां ऋषिका बरुवा और बहन मुक्ति बरुवा शामिल हैं। पुलिस ने घटनास्थल से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल चाकू और कढ़ाई भी बरामद की है, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
एक मामूली विवाद का इस तरह जानलेवा घटना में बदल जाना कई सवाल खड़े करता है। जहां एक परिवार ने अपने सदस्य को खो दिया, वहीं आरोपियों के परिवार के पांच सदस्य अब जेल में हैं।
