Advertisements
Spread the love

उषा मार्टिन फाउंडेशन की पहल से किसानों को सौर कीट नियंत्रण मशीन, फसल होगी सुरक्षित

Advertisements

Arjun Kumar Pramanik….✍️

रांची। उषा मार्टिन फाउंडेशन ने टिकाऊ एवं पर्यावरण-अनुकूल कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अनगड़ा और नामकुम प्रखंड के 30 प्रगतिशील किसानों के बीच सौर कीट नियंत्रण मशीन का वितरण किया। इससे पहले फाउंडेशन द्वारा मलचिंग, सोलर लाइट, ड्रिप इरिगेशन एवं पॉलीहाउस जैसी पहल की जा चुकी है। सौर कीट जाल एक स्वचालित उपकरण है, जो सूर्य की रोशनी से चार्ज होकर यूवी एलईडी के माध्यम से हानिकारक रात्रिचर उड़ने वाले कीटों को आकर्षित कर पकड़ता है। ये उपकरण दिन में चार्ज होते हैं और रात में स्वतः चालू हो जाते हैं। इनमें सौर पैनल, बैटरी तथा कम रखरखाव वाली तकनीक के साथ कभी-कभी फेरोमोन आकर्षण की सुविधा भी होती है। उषा मार्टिन के महाप्रबंधक डॉ. मयंक मुरारी ने बताया कि यह मशीन किसानों को कीटनाशकों पर होने वाले खर्च को कम करने में मदद करती है, जिससे रसायनों का उपयोग घटता है और पर्यावरण सुरक्षित रहता है। यह जैविक एवं पर्यावरण-अनुकूल कीट नियंत्रण विधि है, जो केवल हानिकारक कीटों को लक्षित करती है और लाभकारी कीटों व परागण करने वाले कीटों को नुकसान नहीं पहुंचाती। यह पत्तागोभी, टमाटर, बैंगन, भिंडी, मिर्च सहित विभिन्न सब्जी फसलों के लिए प्रभावी है तथा रखरखाव पर कम खर्च आता है। इस अवसर पर प्रबंधक प्रिया बागची ने उषा मार्टिन द्वारा कृषि विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी, वहीं एग्री बिजनेस कोऑर्डिनेटर मेवालाल महतो ने कहा कि इन मशीनों से खेती की उत्पादकता बढ़ेगी और फसल अधिक टिकाऊ होगी। जानुम के किसान गोवर्धन मुंडा ने बताया कि इसके उपयोग से एक एकड़ खेत में हानिकारक कीटों का प्रभाव नगण्य रहेगा और यह उपकरण पांच से सात वर्षों तक उपयोगी है। महिलौंग के किसान भदया महतो ने इसे क्षेत्र में पर्यावरणीय खेती को बढ़ावा देने वाला प्रयास बताया। इस कार्यक्रम में मासू के प्रेमनाथ महतो, बेरवारी के ईश्वर महतो, राजकुमार महतो, कुमार दीप व राजेश, उलातू के मनोज कच्छप व महावीर महतो, हेसल के बालकुंवर महतो, महिलौंग के इमिल बालमुचू, केदार महतो, अजय हुरदुवार, भदया महतो, अघनू महतो, चिंतामणि देवी, जानुम के महावीर मुंडा, गोवर्धन मुंडा, अघनु महतो, रीतलाल महतो, शंकर महतो तथा हेसल जारा की रूबी देवी, अंजनी देवी और फूलमणि देवी सहित कुल 30 किसानों को सौर कीट नियंत्रण मशीन उपलब्ध कराई गई।

You missed