Advertisements
Spread the love

सरायकेला-खरसावां में ‘वात्सल्य बालिका गृह’ का शुभारंभ, अब बालिकाओं को जिले में ही मिलेगा सुरक्षित पुनर्वास और शिक्षा 

Advertisements

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

सरायकेला जिले में बाल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज वात्सल्य बालिका गृह का उद्घाटन उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह द्वारा किया गया। छोटा गम्हरिया में स्थापित बालिका गृह का संचालन जन सहभागी विकास केंद्र संस्था के माध्यम से किया जाएगा, जिसे झारखंड राज्य बाल संरक्षण संस्थान एवं जिला प्रशासन का सहयोग प्राप्त है।

संस्था के सचिव प्रमोद कुमार वर्मा ने मिशन वात्सल्य के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस पहल से जिले में बाल संरक्षण तंत्र को और अधिक समन्वित एवं मजबूत बनाया जाएगा।
इस बालिका गृह में सुरक्षा और देखभाल की आवश्यकता वाली बालिकाओं को शिक्षा, कौशल विकास और परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह पहल उन बालिकाओं के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जो कठिन परिस्थितियों में जीवन बिता रही हैं या मानव तस्करी जैसी समस्याओं का शिकार होती हैं।

उद्घाटन समारोह में एडीएस निवेदिता राय, डीआरडीए निदेशक सोनी कुमारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तौसीफ मेराज सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि अब तक जिले में बालिका गृह नहीं होने के कारण बालिकाओं के पुनर्वास के लिए अन्य जिलों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे कई समस्याएं उत्पन्न होती थीं। अब इस सुविधा के शुरू होने से बालिकाओं को स्थानीय स्तर पर ही संरक्षण, शिक्षा और विकास के अवसर मिल सकेंगे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तौसीफ मेराज ने कहा कि इस बालिका गृह के संचालन से जिले में बाल संरक्षण और पुनर्वास के क्षेत्र में नई दिशा मिलेगी और जागरूकता भी बढ़ेगी।

इस कार्यक्रम में सरायकेला-खरसावां, जमशेदपुर एवं पश्चिमी सिंहभूम के बाल कल्याण पदाधिकारी, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, पुलिस विभाग के वरीय अधिकारी और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम की सफलता में जन सहभागी विकास केंद्र के पदाधिकारियों की अहम भूमिका रही।

You missed