Advertisements
Spread the love

असामाजिक तत्वों की हरकतों से ग्रामीण परेशान,रंगदारी और धमकी के गंभीर आरोप, प्रशासन से सुरक्षा की मांग

Advertisements

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

गम्हरिया : सरायकेला जिला के गम्हरिया थाना क्षेत्र के मुड़कुम गांव के गैर-सीएनटी प्रभावित ग्रामीण असामाजिक तत्वों की हरकतों से परेशान हैं। बुधवार को होटल पारस में आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं उजागर कीं। उन्होंने बताया कि वे अपनी जमीन बेचकर घर बनाना और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना चाहते हैं लेकिन कुछ असामाजिक तत्व उन्हें जमीन बेचने नहीं दे रहे। ग्रामीणों के अनुसार हाल ही में एक नई राजनीतिक पार्टी से जुड़े कुछ असामाजिक तत्व उनकी जमीन पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं। ये लोग रातभर वहां शराब पीते हैं और संभावित खरीदारों को धमकाते हैं। सरकारी जमीन बताकर खुद ही जेसीबी से बाउंड्री तोड़ देते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 50 एकड़ जमीन पहले ही सीतारामपुर डैम के लिए दी जा चुकी है जिससे वे किसी अन्य व्यवसाय में नहीं जा सके। अब अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए जमीन बेचना ही उनका आखिरी सहारा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राजेश महतो और अमृत महतो समेत 8-10 लोग शिव साईं कंस्ट्रक्शन डेवलपर से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। शिव साईं कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर ललित झा ने बताया कि उन्होंने पांच एकड़ गैर-सीएनटी जमीन खरीदी थी लेकिन असामाजिक तत्वों ने खरीदारों को गुमराह कर डराने की कोशिश की। यहां तक कि ग्राहकों को बंधक बना लिया गया जिन्हें पुलिस हस्तक्षेप कर छुड़ाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि उनकी जमीन की सरकारी मापी करवाई जाए, उन्हें बिना डर अपनी जमीन बेचने की अनुमति दी जाए तथा पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए ताकि वे बेखौफ अपनी संपत्ति का उपयोग कर सकें। प्रेस वार्ता में शक्ति पदों सिंह, देवाशीष सिंह, नवकुमार सिंह, कानू गोराई, भीम मंडल, मनसा, अधिराज सिंहदेव, प्रदीप चौधरी, भूपति चौधरी, राजू चौधरी, सबुज चौधरी, नकुल मंडल, रविंद्र मंडल, सुमन मंडल, धीरज मंडल सहित कई ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग की और कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

You missed