
नरसिंह इस्पात कंपनी विस्तार का ग्रामीणों ने किया विरोध, ग्राम सभा में गूंजा JLKM का स्वर

संवाददाता : कल्याण पात्रो
चांडिल : नरसिंह इस्पात कंपनी के विस्तार को लेकर विस्थापित और प्रभावित गांवों में गहरा आक्रोश है। गुरुवार को चौका थाना क्षेत्र के खूंटी गांव स्थित हरि मंदिर प्रांगण में आयोजित ग्राम सभा में ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी कि वे कंपनी विस्तार का हर स्तर पर विरोध करेंगे।
सभा की जानकारी ग्रामीणों ने परंपरागत ढोल पीटकर आसपास के गांवों तक पहुंचाई थी। बैठक में आरोप लगाया गया कि विश्वकर्मा पूजा के मौके पर ग्रामीणों को कंपनी गेट से खदेड़ा गया और मारपीट तक की गई। इसके बावजूद कंपनी प्रबंधन महिला समितियों को प्रलोभन देकर आगामी जनसुनवाई में शामिल कराने की कोशिश कर रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि वे जनसुनवाई का बहिष्कार करेंगे और विरोध कंपनी परिसर के बाहर किसी अन्य स्थान पर करेंगे।
तरुण महतो का बयान :
ग्राम सभा में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व विधायक प्रत्याशी तरुण महतो पहुंचे। उन्होंने कहा –
“ग्रामीणों के हक पर डाका डाला जा रहा है। कंपनी चोरी-छिपे पनला डैम का पानी इस्तेमाल कर रही है, जो असल में ग्रामीणों की नहरों के लिए है। इस शोषण का हर हाल में विरोध होगा।”
नेताओं और ग्रामीणों की मौजूदगी :
सभा में पंचायत मुखिया सुखराम मांझी, जिला परिषद सदस्य सविता मार्डी, परीक्षित महतो, JLKM नेता फुलचांद महतो, गुरुपद महतो, प्रकाश कुमार महतो, दिलीप महतो, मुकेश पांडेय समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
मुखिया सुखराम मांझी ने चेताया –
“यह जमीन हमारे बाप-दादाओं की है, इसे हम लूटने नहीं देंगे।”
ग्रामीणों का ऐलान :
ग्रामीणों ने साफ कर दिया कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, वे कंपनी विस्तार के खिलाफ डटकर आंदोलन करेंगे।

