
एस.एम. स्टील एंड पावर लिमिटेड की पर्यावरणीय लोक सुनवाई में ग्रामीणों ने उठाए सवाल

संवाददाता : जगबन्धु महतो
चांडिल । नीमडीह थाना क्षेत्र के आदरडीह में की.एस.एम. स्टील एंड पावर लिमिटेड की प्रस्तावित परियोजना को लेकर बुधवार को पर्यावरणीय लोक सुनवाई आयोजित की गई। इस जन सुनवाई की अध्यक्षता एडीसी जय वर्धन कुमार ने की।कार्यक्रम के दौरान कंपनी के प्रतिनिधियों को स्थानीय ग्रामीणों के तीखे सवालों और विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने परियोजना से संभावित प्रदूषण, जल स्रोतों पर प्रभाव, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं की कमी, तथा भूमि दाताओं को स्थायी रोजगार देने की मांग जैसे मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया। कंपनी की ओर से जानकारी दी गई कि इस परियोजना के लिए 520 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी और इसमें 245 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। कंपनी प्रबंधन ने दावा किया कि परियोजना से 500 प्रत्यक्ष और 900 अप्रत्यक्ष यानी कुल 1400 रोजगार के अवसर सृजित होंगे। ग्रामीणों ने अपनी आपत्तियां और सुझाव प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखे और कई लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन भी सौंपा। इस पर कंपनी के एचआर हेड राजीव कुमार, प्रोजेक्ट हेड अनिल कुमार पात्रा, ग्रुप हेड डॉ. बलवंत कुमार, और वैज्ञानिक प्रियंका कुमारी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि कंपनी स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में स्थानीय सहयोग सुनिश्चित करेगी। वहीं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पदाधिकारी जितेंद्र सिंह और नीमडीह अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी पक्षों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और कहा कि सभी बिंदुओं पर विचार करने के बाद ही परियोजना की अंतिम पर्यावरणीय स्वीकृति पर निर्णय लिया जाएगा। लोक सुनवाई शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, लेकिन ग्रामीणों की चिंताओं ने प्रशासन और कंपनी दोनों के लिए सोचने का विषय जरूर छोड़ दिया है।

