Advertisements
Spread the love

मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी: घर-घर पहुंचे उपायुक्त, गणना प्रपत्र वितरण का लिया जायजा

Advertisements
Advertisements

रिर्पोटर : जगबंधु महतो

SIR-2026 अभियान पर डीसी सख्त, बोले—कोई भी पात्र मतदाता सूची से न छूटे

सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान की जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र-51 के मतदान केंद्र संख्या 351 एवं 352 का निरीक्षण कर बूथ स्तर पर चल रहे गणना प्रपत्र वितरण एवं सत्यापन कार्य का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण, दस्तावेज सत्यापन, अभिलेख संधारण और डिजिटाइजेशन कार्य की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना है। किसी भी योग्य मतदाता का नाम बिना वैधानिक कारण के सूची से नहीं हटाया जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित न रहे। उन्होंने प्रत्येक परिवार तक पहुंच बनाकर गणना प्रपत्र भरवाने तथा सभी आवेदनों का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों से नियमित क्षेत्र भ्रमण, दैनिक समीक्षा और अभियान के दौरान सामने आने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए। जिला प्रशासन के अनुसार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में ईआरओ एवं एईआरओ द्वारा भी लगातार निरीक्षण कर अभियान की प्रगति पर नजर रखी जा रही है, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शत-प्रतिशत सफलता के साथ संपन्न कराया जा सके।