Advertisements
Spread the love

बिष्टुपुर में ट्रैफिक जांच के दौरान स्कूटी गिरने से महिला गंभीर घायल

Advertisements

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

जमशेदपुर | बिष्टुपुर थाना अंतर्गत साई मंदिर के समीप ट्रैफिक जांच के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब पुलिस के कथित अमानवीय व्यवहार का शिकार एक दंपति हो गया। घटना में स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदित्यपुर निवासी दंपति स्कूटी से सोनारी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान साई मंदिर के पास ट्रैफिक जांच में तैनात पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोका। आरोप है कि स्कूटी चालक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। दंपति का आरोप है कि रोकने के दौरान पुलिस कर्मियों ने जबरन धक्का दिया, जिससे स्कूटी असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। इस हादसे में महिला को गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीर आक्रोशित हो गए और पुलिस के खिलाफ हंगामा शुरू हो गया। कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात भी प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर बिष्टुपुर ट्रैफिक प्रभारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। ट्रैफिक प्रभारी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी पुलिस कर्मी की गलती पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैफिक नियमों का पालन जरूरी है, लेकिन जांच के नाम पर आम नागरिकों के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।

You missed