Spread the love

युवा ज्ञान समागम 2025–26 : राज्य स्तरीय वाद-विवाद में कोल्हान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को तृतीय पुरस्कार

Advertisements
Advertisements

 

चाण्ड़िल:-संवाददाता

झारखंड राज्य युवा आयोग द्वारा आयोजित युवा ज्ञान समागम 2025-26 के अंतर्गत राज्य स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में कोल्हान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय पुरस्कार हासिल कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कोल्हान विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए मानव घोष एवं रिचा प्रजापति ने विषय की गहन समझ, सशक्त तर्क, स्पष्ट विचार अभिव्यक्ति और प्रभावी वक्तृत्व कला के माध्यम से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य राज्य के युवाओं को एक साझा मंच प्रदान करना था, जहाँ वे अपने ज्ञान, तर्कशक्ति, नेतृत्व क्षमता और बौद्धिक प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
कार्यक्रम में राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष कुमार गौरव सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ कई गणमान्य अतिथि, शिक्षाविद्, विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
इस उपलब्धि पर युवा आयोग के अध्यक्ष कुमार गौरव सिंह ने विजेता विद्यार्थियों को अपने कर-कमलों से ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।
कोल्हान विश्वविद्यालय की इस टीम का मार्गदर्शन एवं प्रतिनिधित्व एमबीएनएस (MBNS) इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन की एनएसएस पीओ डॉ. दीपिका भारती ने किया। यह सफलता कोल्हान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन और विद्यार्थियों की सतत मेहनत का सशक्त प्रमाण मानी जा रही है।

You missed