Spread the love

गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर मानवता की मिसाल, राहगीरों को बांटा चना-शरबत

Advertisements
Advertisements

रिपोर्टर : जगबंधु महतो

गम्हरिया गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सेवा, त्याग और भाईचारे का दिया संदेश

 

आदित्यपुर : सिखों के पांचवें गुरु एवं शहीदों के सरताज श्री गुरु अर्जुन देव जी महाराज के पावन शहीदी दिवस पर गम्हरिया गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सेवा और मानवता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महिंद्रा शोरूम के पास टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर विशेष सेवा शिविर लगाकर राहगीरों, श्रमिकों और श्रद्धालुओं के बीच चना एवं शीतल शरबत का वितरण किया गया।
भीषण गर्मी के बीच सैकड़ों लोगों ने शरबत ग्रहण कर राहत महसूस की। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि गुरु अर्जुन देव जी ने मानवता, सेवा, सहनशीलता और बलिदान की जो अमूल्य सीख दी थी, उसी के अनुरूप हर वर्ष शहीदी दिवस पर जनसेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान संगत एवं कमेटी के सदस्यों ने गुरु साहिब को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि जरूरतमंदों की निस्वार्थ सेवा ही गुरु साहिब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
सेवा शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में सेवा, समर्पण और भाईचारे की भावना देखने को मिली तथा लोगों को गुरु अर्जुन देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।