
कमजोर और वंचित वर्गों को मुफ्त कानूनी सहायता देना ही उद्देश्य : डालसा

Arjun Kumar…✍️
राँची । झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के कार्यपालक अध्यक्ष सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश, सदस्य सचिव रंजना अस्थाना तथा न्यायायुक्त, रांची अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची द्वारा 90 दिवसीय विधिक जागरूकता कार्यक्रम के तहत अनगड़ा प्रखंड के बिसा पंचायत में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम डालसा सचिव राकेश रौशन की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर डिप्टी एलएडीसी कविता कुमारी खाती, पीएलवी बेबी सिन्हा, मालती कुमारी, सुनीता कुमारी तथा चालक राजा वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे। डिप्टी एलएडीसी कविता कुमारी खाती ने उपस्थित लोगों को विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर की जानकारी देते हुए कहा कि यह अभियान समाज के गरीब, कमजोर और वंचित वर्गों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने तथा उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, राज्य विधिक सेवा प्राधिकार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य कमजोर वर्गों को मुफ्त कानूनी सलाह एवं न्यायालय संबंधी मामलों के लिए सरकारी अधिवक्ता की सुविधा उपलब्ध कराना, लोगों को उनके मौलिक अधिकारों, घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा तथा बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करना, पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें एक ही छत के नीचे विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा मध्यस्थता के माध्यम से आपसी विवादों का समाधान कर न्यायालयों का बोझ कम करना है। कार्यक्रम में नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी दी गई तथा मध्यस्थता और लोक अदालत के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को कानूनी सहायता योजनाओं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

