Spread the love

सरायकेला-खरसरवां (संजय कुमार मिश्रा) धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के 121वीं पुण्यतिथि के अवसर पर जिला समाहरणालय भवन परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर उपायुक्त अरवा राजकमल, उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार गागराई, अपर उपायुक्त सुबोध कुमार, रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव डीडी चटर्जी एवं अन्य प्रशासनिक पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर एवं पुष्पांजली अर्पित किये।

इस अवसर पर उपायुक्त अरवा राजकमल ने भगवान बिरसा मुण्डा को स्मरण करते हुए कहा कि भारतीय इतिहास में बिरसा मुण्डा एक ऐसे जननायक थे, जिन्होंने झारखंड में अपने क्रांतिकारी चिंतन से आदिवासी समाज की दशा और दिशा बदलकर नवीन सामाजिक तथा राजनीतिक युग का सूत्रपात किया। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की बलि दी थी। उन्होंने आगे कहा कि झारखंड के नवनिर्माण में भगवान बिरसा मुण्डा हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। भगवान बिरसा मुण्डा के आदर्शों पर चलकर ही झारखंड की सभ्यता एवं संस्कृति की रक्षा की जा सकती है। उन्होंने कहा भगवान बिरसा मुण्डा के आदर्श हमारे जीवन के लिए प्रेरणादायक हैं।
मौके पर उप विकास आयुक्त श्री प्रवीण कुमार गागराई ने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा का अदम्य साहस, समर्पण एवं बलिदान से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए तथा समाज के प्रति अपनी नैतिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। उनहोंने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा का जीवन प्रेरणास्रोत है। जिस प्रकार उन्होंने अपने अदम्य साहस के बल पर अंग्रेजों से लोहा लिया था। उन्होंने झारखंड में न सिर्फ आजादी की लड़ाई लड़ी किंतु आदिवासी समाज की दशा-दिशा बदलने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस दौरान उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त समेत प्रशासनिक पदाधिकारियों के द्वारा समन्वय भवन परिसर में स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलिय चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया गया । इस अवसर पर जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह, एनडीसी गणेश कुमार, एसएमपीओ नंदन उपाध्याय व अन्य उपस्थित रहे।

Advertisements

You missed